हरियाणा

Haryana: क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद, युवक को लाठी-डंडों से मारकर उतारा मौत के घाट

Sarita
28 Dec 2025 7:35 AM IST
Haryana: क्रिकेट खेलने के दौरान  विवाद, युवक को लाठी-डंडों से मारकर उतारा मौत के घाट
x
Haryana हरियाणा: बहादुरगढ़ के सेक्टर-7 गोकुल धाम के सामने क्रिकेट खेल के दौरान हुए झगड़े ने शनिवार को खूनी रूप ले लिया। दर्जनभर से अधिक हमलावरों ने दो युवकों पर रॉड, डंडों से हमला कर दिया। हमले में नेपाल मूल के एक युवक की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। सेक्टर-6 थाना पुलिस और सीआईए की टीमों ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
मृतक 24 वर्षीय आदर्श है। आदर्श मूल रूप से नेपाल के रोहताट जिले से था और 2004 से परिवार सहित बादली रोड स्थित रणजीत कॉलोनी में रह रहा था। जबकि घायल अफजल बिहार के दरभंगा जिले से है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को नहर के पीछे ग्राउंड ( स्टार पिच ) पर कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान गेंद किसी युवक को लग गई थी। उस दौरान विवाद हुआ तो आदर्श ने बीच-बचाव किया था।
उसी रंजिश में शुक्रवार रात को आदर्श के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई थी। मामला यहीं तक नहीं थमा और शनिवार को इस झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। देर रात को आदर्श, अफजल सहित कुछ अन्य युवक महावीर पार्क में नहर के पास थे। इसी दौरान छह-सात बाइकों पर सवार होकर डेढ़ दर्जन से अधिक हमलावर आए। आते ही उन्होंने आदर्श व अफजल पर रॉड व डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। हमले में दोनों को सिर सहित अन्य अंगों पर गंभीर चोट आई। आनन-फानन में इन्हें नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आदर्श को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अफजल को पीजीआई रेफर किया गया। अफजल को सीर में गंभीर चोट आई है।
वारदात के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर सेक्टर-6 थाना व सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। आदर्श तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था और शादी समारोह में वेटर के तौर पर काम करता था। रविवार को उसके शव का पोस्टमार्टम होगा। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस केस दर्ज करेगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात सुलझाई जाएगी।
Next Story