
x
Haryana हरियाणा: फरीदाबाद के सेक्टर 46 स्थित अनखीर रोड पर शुक्रवार एक खड़ी सीएनजी बलेनो कार में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे के वक्त ड्राइवर भूपेंद्र कार से बाहर था, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, एसजीएम नगर सी ब्लॉक निवासी तरुण ने बताया कि उसका छोटा भाई भूपेंद्र डिज़ाइनर सीट लगाने का काम करता है। शुक्रवार को उसने बैंक से 3.80 लाख रुपये निकाले और किसी को देने के लिए गुरुग्राम जा रहा था। रास्ते में उसने सेक्टर 46 अनखीर रोड पर कार खड़ी की और पानी की बोतल लेने चला गया। बोनट से धुआँ उठने लगा और कुछ ही देर में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।
स्थानीय निवासियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालाँकि, तब तक पूरी कार जलकर राख हो चुकी थी, साथ ही उसमें रखे 3.80 लाख रुपये भी जलकर राख हो गए थे। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ड्राइवर गाड़ी के अंदर नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
तरुण ने बताया कि गाड़ी सीएनजी से चलती थी, लेकिन आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुँची। गाड़ी मालिक की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
Next Story





