
x
Haryana हरियाणा: यमुनानगर सिविल अस्पताल गेट के सामने आज सुबह 4 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। छछरौली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने सिविल अस्पताल के गेट के अंदर जा रही एंबुलेंस को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार पलट कर अस्पताल की दीवार से टकरा गई और एंबुलेंस से जा टकराई। एंबुलेंस यमुनानगर के गांधीनगर से एक गर्भवती महिला को सिविल अस्पताल लेकर आ रही थी। इस हादसे में कार का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा एंबुलेंस का ड्राइवर भी बुरी तरह से घायल हो गया है।
इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल एंबुलेंस ड्राइवर सतीश ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार से आ रही थी, कार में चार लोग सवार थे। जिन्होंने नियंत्रण खो दिया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। डायल 112 के पुलिसकर्मी मोहन ने बताया कि फिलहाल यह जांच का विषय है कि कार सवार युवकों ने शराब पी रखी थी या नहीं, लेकिन इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। एंबुलेंस में सवार गर्भवती महिला सुरक्षित है, जबकि उसके परिवार के लोग घायल हुए हैं।
Next Story





