
x
Haryana हरियाणा: राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर बामनीखेड़ा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सोमवार सुबह करीब 4:00 बजे हुआ। इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान आयशर कैंटर चालक रजनीश (25 वर्ष) पुत्र मदनलाल निवासी बदायूं और चरण सिंह चौहान पुत्र भिक्कन सिंह निवासी गांव अटोह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस के अनुसार, बामनीखेड़ा फ्लाईओवर के पास हाईवे पर एक ट्रक खड़ा था, जिसमें पीछे से तेज गति से आ रहे आयशर कैंटर ने टक्कर मार दी। आशंका जताई जा रही है कि कैंटर चालक को झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में आयशर कैंटर के सहायक चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसे पलवल सिविल अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पलवल जिला अस्पताल के शवगृह के बाहर मृतक के परिजन गमगीन हालत में नजर आए। सब-इंस्पेक्टर टेक सिंह ने बताया कि मृतक चरण सिंह चौहान सिंचाई विभाग से उप-अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त थे और गोवर्धन परिक्रमा करके कोसीकलां से पलवल लौट रहे थे। वह आयशर कैंटर में बतौर यात्री सवार हुए थे।
Next Story





