
Haryana हरियाणा: भिवानी जिले के सिंघानी गाँव में 19 वर्षीय महिला शिक्षिका मनीषा की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस हत्याकांड को लेकर रेवाड़ी के लोगों में गहरा आक्रोश है। मनीषा को न्याय दिलाने की मांग करते हुए रविवार को स्थानीय नागरिकों और शिक्षकों ने रेवाड़ी के बुधपुर रोड स्थित अंबेडकर पार्क से कंकर वाली बगीची मंदिर तक कैंडल मार्च निकालकर मौन जुलूस निकाला। इस दौरान लोगों ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद हत्यारे अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जो कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" का नारा देने वाली भाजपा सरकार में आज बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि निर्भया कांड के बाद भले ही कड़े कानून बनाए गए हों, लेकिन अपराधियों में उन कानूनों का कोई डर नहीं है।
लोगों ने यहाँ तक कहा कि शायद भाजपा सरकार बनाना जनता की भूल थी, क्योंकि आज प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। गुस्साए स्थानीय लोगों का कहना है कि मनीषा अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अपराधियों ने उसकी जान ले ली। दुख की बात है कि इतना समय बीत जाने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है।





