
x
Haryana हरियाणा: झज्जर जिले के गांव मातनहेल के पास से गुजर रही नहर में शुक्रवार को नहाते समय एक ही परिवार के दो युवक डूब गए। हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई और सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों युवकों की तलाश के लिए नहर में एनडीआरएफ की मदद से सर्च अभियान चलाया। 36 घंटे बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने बड़ी मुश्किल से दोनों युवकों के शव आकेड़ी मदनपुर पंप हाउस से बरामद किए। पुलिस टीम ने दोनों युवकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया।
मृतकों की पहचान 32 वर्षीय अमित पुत्र रमेश और 28 वर्षीय विकास पुत्र चमनलाल निवासी गांव आजाद नगर जिला झज्जर के रूप में हुई है। अमित और विकास दोनों शादीशुदा थे। अमित और विकास दोनों चचेरे भाई थे और पवन निवासी खापड़वास के पास फर्नीचर का काम सीखते थे। शुक्रवार शाम को दुकान से लौटते समय वे मातनहेल गांव के पास से गुजर रही नहर में नहाने चले गए। जांच अधिकारी एसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आजाद नगर निवासी अमित व विकास शुक्रवार को नहर में नहाने गए थे और नहर के पास उनकी चप्पलें, प्रेस व बाइक मिली है।
पुलिस ने अमित के भाई प्रवेश के बयान पर दोनों की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कर ली थी। दोनों के शव आकेड़ी मदनपुर पंप हाउस से बरामद कर लिए गए हैं और पुलिस ने इस मामले में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए झज्जर के नागरिक अस्पताल में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
Next Story





