हरियाणा

Haryana : ब्रेज़ा कार में मिले 1.5 करोड़ रुपये कैश, जांच में जुटी पुलिस

Sarita
25 March 2025 12:32 PM IST
Haryana : ब्रेज़ा कार में  मिले 1.5 करोड़ रुपये कैश, जांच में जुटी पुलिस
x
Haryana हरियाणा: फरीदाबाद के सूरजकुंड इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां ग्रीनफील्ड पुलिस ने एक ब्रेज़ा कार से डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है. सूरजकुंड थाना पुलिस के मुताबिक भारी मात्रा में नकदी ले जा रहे दो युवकों को संतोषजनक जवाब न देने पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आयकर अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यह साफ हो जाएगा कि यह नकदी किसकी थी और क्यों ले जाई जा रही थी|
सूरजकुंड स्थित ग्रीन फील्ड पुलिस चौकी में मशीनों के जरिए डेढ़ करोड़ रुपये की गिनती की जा रही है. ग्रीन फील्ड चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सत्येंद्र गुप्ता द्वारा दिए गए आदेशों के चलते पुलिस ने रूटीन चेकिंग के लिए आनंदपुर चौक पर नाकाबंदी की हुई थी, तभी दिल्ली की तरफ से एक ब्रेज़ा कार आई और जब कार की तलाशी ली गई तो कार में डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी मिली. कार में मौजूद दोनों युवकों से जब इतनी नकदी कार में ले जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने पुलिस को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके चलते पुलिस ने नकदी व कार को जब्त कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और इसकी सूचना सूरजकुंड थाने के एसएचओ पहलाद सिंह व उच्च अधिकारियों को दी गई।
दोनों युवकों से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि वे गुरुग्राम से यह नकदी लेकर नोएडा के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि आयकर अधिकारियों को बुलाया गया है और अब आयकर अधिकारी इस नकदी की जांच कर रहे हैं और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इतनी बड़ी रकम किसके पास थी और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
Next Story