हरियाणा

Faridabad: घर में एसी फटने से लगी आग, दम घुटने से दंपत्ति और बेटी की मौत

Sarita
8 Sept 2025 10:22 AM IST
Faridabad:  घर में एसी फटने से लगी आग, दम घुटने से दंपत्ति और बेटी की मौत
x
Faridabad फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में सोमवार सुबह करीब 3 बजे एक बहुमंजिला मकान की ऊपरी मंजिल पर लगे एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगने से पहली मंजिल पर स्थित मकान नंबर 787 में धुआं घुस गया। जिससे पति-पत्नी और उनकी बेटी की मौत हो गई। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सचिन कपूर (50) ग्रीनफील्ड कॉलोनी में पहली मंजिल पर अपने मकान में परिवार के साथ रहते थे। सोमवार सुबह करीब 3 बजे ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मलिक परिवार के एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। जिससे घर के एक हिस्से में आग लग गई। आग से निकला धुआं पहली मंजिल पर स्थित मकान नंबर 787 में घुस गया।
सचिन कपूर (50), उनकी पत्नी रिंकू कपूर (48), बेटी सुजान (23) और बेटा आर्यन (25) घर के अंदर सो रहे थे। अचानक धुएं के कारण उनका दम घुटने लगा और घबराहट में सभी लोग छत की ओर भागे। लेकिन छत का गेट बंद होने के कारण वे वहां से बाहर नहीं निकल सके और वापस कमरे में लौट आए। इसी बीच सचिन, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान बेहोश हो गए। जबकि आर्यन ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और बालकनी से छलांग लगा दी। नीचे गिरने पर उसके हाथ, पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पड़ोसियों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाना शुरू किया। पहली मंजिल पर बेहोश मिले सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू और बेटी सुजान को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Next Story