छत्तीसगढ़
गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे युवक की बेरहमी से हत्या, दो हत्यारे गिरफ्तार
Shantanu Roy
13 Sept 2026 2:43 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में युवक की मारपीट से हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रांसपोर्ट नगर में हुई इस घटना में तीन युवकों पर मारपीट का आरोप है, जिसमें गंभीर चोट लगने के बाद शिवा सेठ्ठी की मौत हो गई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जूटमिल पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू महंत उर्फ संजय महंत और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव के रूप में हुई है।
महिला मित्र से मिलने पहुंचा था युवक
पुलिस के अनुसार, घटना 8 सितंबर 2026 की रात की है। रायगढ़ के सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35 वर्ष) ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने वहां पहुंचकर शिवा से विवाद किया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसे वहां आने से मना किया और उसके साथ हाथ-मुक्कों तथा लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। आरोपियों ने शिवा को जमीन पर पटक-पटककर पीटा, जिससे उसके शरीर में गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं।
घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने प्राथमिक उपचार कराया और घर चला गया। लेकिन घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोट
घटना की सूचना के बाद पहले थाना कोतवाली में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने के कारण आगे की जांच के लिए मामला जूटमिल पुलिस को सौंपा गया। जूटमिल पुलिस ने जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए। गवाहों ने तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण सिर में लगी चोट से हेमरेजिक शॉक बताया। जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होना पाए जाने के बाद 12 सितंबर को जूटमिल थाने में हत्या का अपराध दर्ज किया गया।
जेल से बाहर आते ही पुलिस ने पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि राजू महंत और कृष्णा साव पहले की एक कार्रवाई में जिला जेल रायगढ़ में बंद थे और रिहा होने वाले हैं। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों के साथ तलब किया और पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी धन्नू निषाद की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस सख्त और वैधानिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि विवाद की स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
Next Story





