छत्तीसगढ़
मनरेगा की मजदूरी को लेकर खूनी संघर्ष, सरपंच पति समेत दो पक्षों में मारपीट
Shantanu Roy
11 Nov 2026 5:37 PM IST

x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में कई लोगों को चोटें आई हैं। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सरसेनी की है। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस चौकी पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम सरसेनी निवासी राजकुमार सोल्डे पेशे से ड्राइवर है। सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने चाचा नारायण सोल्डे के घर खाना खाने गया था। नारायण सोल्डे गांव के सरपंच पति हैं। रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद राजकुमार घर के पास खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले ललित सोल्डे और उनके परिवार के लोग पुरानी बात को लेकर नारायण सोल्डे के साथ गाली-गलौज करने लगे।
गाली-गलौज का विरोध करने पर लाठी से हमला
राजकुमार सोल्डे ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उसने चाचा नारायण सोल्डे के साथ हो रही गाली-गलौज का विरोध किया और ललित सोल्डे को ऐसा करने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ललित और उसके साथ मौजूद लोगों ने राजकुमार से कहा कि वह उन्हें मना करने वाला कौन होता है। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए राजकुमार के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। राजकुमार के साथ मारपीट होते देखकर रामायण सोल्डे बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। नारायण सोल्डे ने भी विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में राजकुमार, रामायण और नारायण सोल्डे को चोटें आई हैं। बाद में लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया।
चार सप्ताह की मजदूरी मांगने पहुंचा था ललित
वहीं, दूसरे पक्ष की तितरी बाई सोल्डे ने भी मल्हार पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। तितरी बाई के मुताबिक, घटना की रात उसका पति ललित सोल्डे रोजगार गारंटी योजना के तहत चार सप्ताह तक किए गए काम की मजदूरी मांगने सरपंच पति नारायण सोल्डे के घर के पास पहुंचा था। तितरी बाई ने आरोप लगाया कि मजदूरी मांगने की बात को लेकर नारायण सोल्डे, रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे ने ललित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों ने लाठी-डंडों से ललित की पिटाई कर दी।
पति को बचाने पहुंची महिला और बच्चों से भी मारपीट का आरोप
तितरी बाई का आरोप है कि पति ललित के साथ मारपीट होते देखकर वह अपने बेटे आर्यन और बेटी अंतरा के साथ बीच-बचाव करने पहुंची थी। इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में तितरी बाई के बाएं हाथ के अंगूठे के पास चोट आई है। वहीं, उसके बेटे आर्यन के सिर और बेटी अंतरा के दाहिने हाथ में चोट लगी है। तितरी बाई ने पुलिस से शिकायत कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मामले में राजकुमार सोल्डे की शिकायत पर पुलिस ने ललित सोल्डे, आर्यन सोल्डे और तितरी बाई सोल्डे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, तितरी बाई सोल्डे की शिकायत पर नारायण सोल्डे, रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मनरेगा मजदूरी भुगतान और पुरानी बात को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल मल्हार चौकी पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
Next Story





