छत्तीसगढ़

गर्लफ्रेंड विवाद में छात्र पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार

Shantanu Roy
29 Sept 2026 1:38 PM IST
गर्लफ्रेंड विवाद में छात्र पर चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार
x
छग
Raipur. रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र के छपोरा गांव में गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तीन छात्रों ने अपने ही सहपाठी छात्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक नाबालिग सहित तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। घटना रविवार की बताई जा रही है। मामले में गिरफ्तार तीनों छात्र 11वीं कक्षा में पढ़ते हैं। पुलिस के अनुसार घायल छात्र की पहचान हरीश रात्रे के रूप में हुई है। आरोप है कि हमले के दौरान दो छात्रों ने हरीश को पकड़ रखा था, जबकि तीसरे छात्र ने उसके पेट पर चाकू से वार किया।
पुलिस ने मामले में दिव्यांश बंजारे (18), तरुण बंजारे (18) और उनके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दिव्यांश बंजारे ने हरीश पर चाकू से हमला किया था, जबकि तरुण बंजारे और नाबालिग छात्र ने उसे पकड़ रखा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के दिन छात्रों के बीच गर्लफ्रेंड की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्र एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज तथा हाथापाई करने लगे। इसी दौरान हरीश रात्रे वहां पहुंचा और विवाद शांत कराने की कोशिश करने लगा।
आरोप है कि हरीश के बीच-बचाव करने से नाराज होकर दिव्यांश बंजारे, तरुण बंजारे और नाबालिग छात्र ने उसे घेर लिया। इसके बाद दो छात्रों ने उसे पकड़ लिया और दिव्यांश ने कथित तौर पर उसके पेट के बाईं ओर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगते ही हरीश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी छात्र घटना को अंजाम देने के बाद मौके से भाग निकले। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की सूचना मिलने के बाद विधानसभा थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने दिव्यांश बंजारे, तरुण बंजारे और नाबालिग छात्र को पकड़ लिया। पूछताछ में पुलिस को विवाद और हमले से जुड़ी जानकारी मिली। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई और चाकू हमले की योजना पहले से थी या विवाद के दौरान अचानक हमला किया गया। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। एक आरोपी नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ किशोर न्याय से संबंधित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
Next Story