छत्तीसगढ़

रायगढ़ में 70 लाख की ठगी, बेटी के बाद मां भी गिरफ्तार

Shantanu Roy
17 Nov 2026 6:34 PM IST
रायगढ़ में 70 लाख की ठगी, बेटी के बाद मां भी गिरफ्तार
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक और महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मेनका सारथी की मां मीरा सोनवानी (57 वर्ष) को ग्राम जतरी से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोप है कि महिला अपनी बेटी के साथ मिलकर ग्रामीण महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश करने और कम समय में रकम दोगुनी होने का लालच देती थी। इस मामले में महिलाओं से कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
अधिक मुनाफे का लालच देकर महिलाओं को फंसाया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जतरी निवासी हारा बाई निषाद (36 वर्ष) सहित अन्य महिलाओं ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम जतरी की रहने वाली मेनका सारथी का विवाह सक्ती जिले के ग्राम बरतुंगा निवासी अक्षय सारथी से हुआ है। मेनका अपने मायके आने के दौरान गांव की महिलाओं को बताती थी कि वह और उसका पति शेयर मार्केट में निवेश करके अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। उसने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि यदि वे उसके बताए अनुसार निवेश करेंगी तो कम समय में उनकी रकम दोगुनी हो जाएगी। इतना ही नहीं, मेनका ने कथित तौर पर यह भी कहा था कि यदि निवेश की रकम दोगुनी नहीं हुई तो वह और उसका पति अपनी गारंटी पर दोगुनी राशि वापस दिलाएंगे। इस भरोसे में आकर गांव की कई महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये दे दिए।
6 महीने में 70.77 लाख रुपये की धोखाधड़ी
शिकायत के अनुसार, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार रुपये लिए गए। वहीं अन्य महिलाओं से प्राप्त रकम मिलाकर कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत सामने आई। शुरुआत में मेनका सारथी ने कुछ निवेशकों को मुनाफे की राशि लौटाई, जिससे महिलाओं का विश्वास बढ़ गया। इसके बाद महिलाओं ने और रकम निवेश के लिए दे दी। हालांकि कुछ समय बाद उन्हें न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई।
पीड़ित महिलाओं के मुताबिक, रकम वापस मांगने पर पता चला कि निवेश के नाम पर ली गई राशि शेयर मार्केट में लगाने के बजाय निजी उपयोग में खर्च की गई है। आरोपियों पर रकम लौटाने से इनकार करने और शिकायत करने पर जेल भिजवाने की धमकी देने का भी आरोप है। कई महिलाओं ने निवेश के लिए बैंकों से कर्ज भी लिया था। अब रकम वापस नहीं मिलने के कारण उन्हें स्वयं बैंक की किस्तें चुकानी पड़ रही हैं।
मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की हो चुकी गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। बैंक खातों के लेनदेन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर 22 जुलाई 2026 को साइबर थाने में अपराध क्रमांक 11/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मेनका सारथी, उसके पति अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों और पीड़ित महिलाओं के बयानों के आधार पर 6 अक्टूबर को पुलिस ने सक्ती जिले के ग्राम बरतुंगा से मुख्य आरोपी मेनका सारथी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मेनका ने बताया कि रायगढ़ के ढिमरापुर क्षेत्र में किराये के मकान में रहने के दौरान उसकी पहचान मिनकेतन सिदार से हुई थी। पुलिस जांच में मिनकेतन की भूमिका भी सामने आई। उस पर निवेश के नाम पर लोगों से रकम लेने की योजना बनाने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने मिनकेतन सिदार और अक्षय सारथी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
बेटी के साथ मिलकर महिलाओं को करती थी निवेश के लिए प्रेरित
पुलिस के अनुसार, मीरा सोनवानी अपनी बेटी मेनका सारथी के साथ मिलकर गांव की महिलाओं को निवेश के लिए प्रेरित करती थी। वह महिलाओं से रकम लेकर जमा कराने में सहयोग करती थी। इसके बदले मेनका उसे कभी 5 हजार तो कभी 10 हजार रुपये देती थी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मीरा सोनवानी फरार थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को मुखबिर से मिली सूचना पर साइबर थाना पुलिस ने ग्राम जतरी में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने मीरा सोनवानी पति स्वर्गीय महेंद्र कुमार सोनवानी को गिरफ्तार किया। उसके बैंक खातों से संबंधित जानकारी जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में अन्य फरार आरोपी की तलाश और विवेचना जारी है।
एसएसपी ने दी चेतावनी, रकम दोगुनी करने के झांसे में न आएं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट में कम समय में रकम दोगुनी करने या निश्चित रूप से असामान्य मुनाफा देने का दावा करने वाली योजनाओं से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि मेहनत की कमाई किसी अनजान व्यक्ति के भरोसे या बिना वैधानिक जांच के निवेश नहीं करनी चाहिए। आर्थिक धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी उप निरीक्षक संजय नाग और साइबर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Next Story