छत्तीसगढ़

चाकूबाजी और अवैध शराब पर लगेगी लगाम, ग्राम केंद्री में पुलिस-ग्रामीणों ने बनाई रणनीति

Shantanu Roy
11 Sept 2026 7:02 PM IST
चाकूबाजी और अवैध शराब पर लगेगी लगाम, ग्राम केंद्री में पुलिस-ग्रामीणों ने बनाई रणनीति
x
छग
Raipur. रायपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में चाकूबाजी, अवैध हथियार और अवैध शराब जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की पहल की है। इसी क्रम में शुक्रवार 11 सितंबर को अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में पुलिस अधिकारियों, पंचायत पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों और ग्रामीणों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने पर सहमति बनी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस के मुताबिक बैठक का मुख्य उद्देश्य गांव में अपराधों की रोकथाम और आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था। इस दौरान गांव में चाकूबाजी की घटनाओं, बदमाश प्रवृत्ति के लोगों द्वारा अवैध रूप से चाकू एवं अन्य हथियार रखने और अवैध शराब की बिक्री जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि गांव में किसी व्यक्ति के पास अवैध रूप से चाकू या अन्य हथियार होने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाने को दें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस संभावित वारदात से पहले कार्रवाई कर सकती है।
बैठक में अवैध हथियार रखने वाले लोगों को स्वेच्छा से हथियार संबंधित थाने में जमा कराने के लिए प्रेरित करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए गांव स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई। अवैध शराब की बिक्री का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। ग्रामीणों और पंचायत पदाधिकारियों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के प्रयासों में सहयोग करने पर सहमति जताई। अवैध रूप से शराब बनाने, उसका परिवहन करने या बिक्री करने वाले लोगों की जानकारी पुलिस को देने की बात कही गई।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों को रोकने में आम लोगों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गैरकानूनी गतिविधियों के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में पुलिस और ग्रामीणों के बीच नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। गांव में संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी तरह की अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर तुलसी राम लेकाम, अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम, ग्राम पंचायत केंद्री के सरपंच नेतराम साहू, उपसरपंच, पंचायत पदाधिकारी, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस और ग्रामीणों की इस संयुक्त बैठक में गांव में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए मिलकर काम करने का निर्णय लिया गया। खासतौर पर चाकूबाजी, अवैध हथियार और अवैध शराब के खिलाफ सूचना तंत्र मजबूत करने तथा सामुदायिक सहभागिता से अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
Next Story