छत्तीसगढ़

NHM कर्मचारियों ने किया जल सत्याग्रह आंदोलन

Nilmani Pal
9 Sept 2025 4:37 PM IST
NHM कर्मचारियों ने किया जल सत्याग्रह आंदोलन
x

बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के बैनर तले बालोद जिले के एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी नियमितीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर जिला मुख्यालय के नए बस स्टैंड में लगातार डटे हुए हैं। अपने इस धरना प्रदर्शन के 23वें दिन उन्होंने अपनी मांग को लेकर एक अलग तरह का प्रदर्शन किया। इन कर्मचारियों ने जल सत्याग्रह आंदोलन किया।

इस दौरान मंगलवार को सभी कर्मचारी रैली की शक्ल में तांदूला डेम के तांदूला नदी पहुंचे। रैली के दौरान नियमितीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर स्लोगन लिखे पोस्टरों के माध्यम से भी कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। नदी में पानी के अंदर बैठकर उन्होंने जमकर नारेबाजी की और जल देवता से कामना की कि प्रशासन उनकी मांगों को जल्द पूरा करे। कर्मचारियों का कहना है कि अब वे शासन के आश्वासन पर नहीं मानेंगे और यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इसी कड़ी में आज खैरागढ़ जिले के एनएचएम कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर चौक से रैली निकालते हुए दाऊ चौरा मुसका नदी में उतरकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार पर उनकी मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया जाता तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

Next Story
null