छत्तीसगढ़

एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया दुःख

Nilmani Pal
12 Jun 2025 4:28 PM IST
एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया दुःख
x

रायपुर। एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दुःख जताया है, उन्होंने कहा, इस हृदय विदारक हादसे में भारतीयों सहित ब्रिटिश, पुर्तगाली और कनाडाई नागरिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।

अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर टेक-ऑफ के बाद क्रैश हो गया। हादसे के समय विमान में दो पायलट और 10 केबिन क्रू समेत 242 लोग सवार थे। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कई वीडियो भी सामने आए हैं, जो दर्दनाक मंजर को बयां कर रहे हैं। ऐसे में टाइमलाइन के जरिए आपको घटना के बारे में विस्तार से बताते हैं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 ने भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरी थी।

रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान एयरपोर्ट की सीमा के बाहर जमीन पर गिर गया और उसके तुरंत बाद घटनास्थल से आसमान में काला धुआं उठता हुआ देखा गया। विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर आईजीपी परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के समय विमान में केबिन क्रू के 12 सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे। विमान का संचालन कैप्टन सुमित सभरवाल कर रहे थे, जिनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।

कैप्टन सुमित सभरवाल एक एलटीसी हैं और उनके पास 8,200 घंटे का उड़ान अनुभव है, जबकि को-पायलट के पास 1,100 घंटे का उड़ान अनुभव था। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे। इसके अलावा, गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी के भी फ्लाइट में सवार होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस बात की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास की सभी सड़कों को बंद कर दिया गया और बचाव एवं राहत अभियान के लिए मौके पर फायर बिग्रेड समेत रेस्क्यू टीम भेजी गई। इसके अलावा, अस्पताल में करीब 1,200 बेड का इंतजाम किया गया। साथ ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, जो कई कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए विजयवाड़ा में थे, विमान दुर्घटना की खबर मिलते ही तुरंत अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए।

Next Story
null