भारत

एयर इंडिया विमान हादसा: पायलट ने दिया था मे-डे कॉल, टेक-ऑफ के तुरंत बाद प्लेन क्रैश, यहां पढ़ें पूरी टाइमलाइन

jantaserishta.com
12 Jun 2025 4:18 PM IST
एयर इंडिया विमान हादसा: पायलट ने दिया था मे-डे कॉल, टेक-ऑफ के तुरंत बाद प्लेन क्रैश, यहां पढ़ें पूरी टाइमलाइन
x
देखें वीडियो.
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार दोपहर टेक-ऑफ के बाद क्रैश हो गया। हादसे के समय विमान में दो पायलट और 10 केबिन क्रू समेत 242 लोग सवार थे। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कई वीडियो भी सामने आए हैं, जो दर्दनाक मंजर को बयां कर रहे हैं। ऐसे में टाइमलाइन के जरिए आपको घटना के बारे में विस्तार से बताते हैं।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 ने भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरी थी। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान एयरपोर्ट की सीमा के बाहर जमीन पर गिर गया और उसके तुरंत बाद घटनास्थल से आसमान में काला धुआं उठता हुआ देखा गया।
विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर आईजीपी परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के समय विमान में केबिन क्रू के 12 सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे। विमान का संचालन कैप्टन सुमित सभरवाल कर रहे थे, जिनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।
कैप्टन सुमित सभरवाल एक एलटीसी हैं और उनके पास 8,200 घंटे का उड़ान अनुभव है, जबकि को-पायलट के पास 1,100 घंटे का उड़ान अनुभव था। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे। इसके अलावा, गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी के भी फ्लाइट में सवार होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस बात की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इस हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास की सभी सड़कों को बंद कर दिया गया और बचाव एवं राहत अभियान के लिए मौके पर फायर बिग्रेड समेत रेस्क्यू टीम भेजी गई। इसके अलावा, अस्पताल में करीब 1,200 बेड का इंतजाम किया गया। साथ ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, जो कई कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए विजयवाड़ा में थे, विमान दुर्घटना की खबर मिलते ही तुरंत अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद हादसे को लेकर गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर से बात की। साथ ही उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की।
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने उनसे अहमदाबाद जाने के लिए कहा है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विमान दुर्घटना के बाद प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाए। दूसरी ओर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए) प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।
इस हादसे को लेकर एयर इंडिया की तरफ से बताया गया, "फ्लाइट एआई171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी। आज 12 जून को दुर्घटना का शिकार हुई है। हम अभी विवरण की जांच कर रहे हैं और इस मामले में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' और एयर इंडिया की वेबसाइट पर अधिक जानकारी साझा करेंगे।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story