छत्तीसगढ़

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर किया वीरों का वंदन

Shantanu Roy
15 Nov 2025 6:39 PM IST
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर किया वीरों का वंदन
x
छग
Raipur. रायपुर। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज को हार्दिक शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि यह दिन सिर्फ एक उत्सव नहीं बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प है। इसी क्रम में सांसद अग्रवाल ने आज बलौदा बाजार में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस 2025 के भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया और धरती आबा बिरसा मुंडा सहित आदिवासी समाज के सभी अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांसद ने कहा कि अंग्रेजों और मुगलों के दमन के विरुद्ध लड़ने वाले इन अमर सेनानियों का इतिहास भारत की अस्मिता, स्वतंत्रता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने वीर नारायण सिंह, गुंडाधूर, ननकूराम समेत अनगिनत आदिवासी योद्धाओं का स्मरण करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती सदा से वीरों की कर्मभूमि रही है और उनका बलिदान भारत के इतिहास की अनमोल धरोहर है। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आदिवासी समाज भारत का “सच्चा पर्यावरण प्रहरी” है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा में उनकी सदियों पुरानी भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने कहा, “आदिवासी संस्कृति भारत की आत्मा है, आपके पर्व भारत के रंग हैं और आपकी जीवनशैली भारत की संतुलन शक्ति है।” उन्होंने यह भी कहा कि भारत की मौलिक संस्कृति, प्रकृति के साथ संतुलन और सामुदायिक जीवन की परंपरा आदिवासी समाज की जीवनशैली से ही प्रेरित है।

सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे आदिवासी समाज के गौरव, सम्मान और पहचान को नई मजबूती मिली है। उन्होंने केंद्र सरकार की जनजातीय उत्थान से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एकलव्य मॉडल स्कूल, वन धन केंद्र, जनजातीय विकास मिशन, महिला आजीविका समूह, एमएसपी वृद्धि, और कई अन्य कार्यक्रम आज आदिवासी समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये योजनाएँ शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। सांसद अग्रवाल ने कार्यक्रम में बूढ़ा देव से समाज की सुख, शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए आशीर्वाद भी मांगा।

उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आदिवासी प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र दीवान और सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र ध्रुवंशी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलौदाबाजार आकांक्षा जायसवाल, राज्य महिला आयोग सदस्य लक्ष्मी वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव, कलेक्टर दीपक सोनी, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, युवा, महिलाएँ और बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का यह कार्यक्रम न केवल आदिवासी वीरों के बलिदान को याद करने का अवसर बना, बल्कि जनजातीय संस्कृति, सम्मान और विकास के संकल्पों को दोहराने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
Next Story