छत्तीसगढ़

ऑपरेशन मुस्कान के तहत दो मामलों में नाबालिगों का रेस्क्यू, दो आरोपी गिरफ्तार

Shantanu Roy
18 May 2026 11:14 PM IST
ऑपरेशन मुस्कान के तहत दो मामलों में नाबालिगों का रेस्क्यू, दो आरोपी गिरफ्तार
x
छग
Mungeli. मुंगेली। जिले में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लापता नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपहरण, बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। बरामद नाबालिगों को कानूनी प्रक्रिया के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

पहला मामला जरहा गांव का है, जहां 24 अप्रैल को एक नाबालिग लड़की अचानक घर से लापता हो गई थी। जानकारी के अनुसार, पीड़ित के पिता उस दिन सुबह मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे। शाम को लौटने पर उन्होंने पाया कि उनकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं है। परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय थाना में दी गई और गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नाबालिग लड़की तखतपुर निवासी विनय सिंह ठाकुर के साथ गई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश तेज कर दी और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। जांच में पता चला कि दोनों हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौजूद हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची और दबिश देकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विनय सिंह ठाकुर ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ रखा और उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है। दूसरा मामला चिल्फी थाना क्षेत्र के डिंडोरी चौकी का है। यहां 13 मई को एक अन्य नाबालिग लड़की अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि किशोरी अपने प्रेमी के साथ गई है।

इसके बाद पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत तलाश तेज की। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि दोनों ग्राम लीलापुर में छिपे हुए हैं। पुलिस टीम ने दबिश देकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान लीलापुर चौकी डिंडोरी निवासी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील (20 वर्ष) के रूप में हुई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने भी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके आधार पर उसके खिलाफ भी अपहरण, बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
Next Story