छत्तीसगढ़
मंत्री गजेंद्र यादव ने विद्या समीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर शिक्षा सुधार की तकनीकों का अध्ययन किया
Shantanu Roy
16 Sept 2025 8:42 PM IST

x
छग
Gandhinagar/Raipur. गांधीनगर/रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने आज गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर स्थित विद्या समीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुजरात सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों की प्रगति पर निगरानी रखने के लिए अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों और नवाचारों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की निगरानी, शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं की नियमितता और शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीक के उपयोग की कार्यप्रणाली का विस्तार से अवलोकन किया। विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से डाटा आधारित विश्लेषण द्वारा शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाया जा रहा है।
इस प्रणाली से विद्यालयों की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों की सीखने की प्रगति और योजनाओं के प्रभाव का सटीक मूल्यांकन संभव हो रहा है। मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि तकनीक आधारित निगरानी से प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आती है और योजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता बनी रहती है। मंत्री ने गुजरात सरकार के इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने का यह प्रयास अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के लिए गुजरात मॉडल का अध्ययन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ाने के लिए डिजिटल उपकरणों का उपयोग अनिवार्य हो गया है और ऐसे नवाचारों से प्रशासनिक प्रक्रियाएँ सरल व प्रभावी बनती हैं।
इस दौरान सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी सहित गुजरात और छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षा क्षेत्र में तकनीक आधारित योजनाओं के बेहतर उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बताया कि डाटा आधारित योजना निर्माण से संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होता है और छात्रों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्रदान की जा सकती है। मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए तकनीकी नवाचारों को अपनाना आवश्यक है। इससे न केवल प्रशासनिक प्रक्रियाएँ सरल होंगी, बल्कि विद्यालयों में शिक्षकों और छात्रों की भागीदारी भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा में पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए गुजरात जैसे तकनीकी मॉडल का उपयोग छत्तीसगढ़ में लागू करने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। यह निरीक्षण शिक्षा क्षेत्र में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और नवाचारों को अपनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी और शिक्षकों के लिए कार्य सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का लक्ष्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी शिक्षा प्रदान करना है।
Tagsगुजरातकैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादवविद्या समीक्षा केंद्रशिक्षा सुधारतकनीक आधारित मॉनिटरिंगगुजरात सरकारछत्तीसगढ़नवाचारडाटा विश्लेषणशिक्षा व्यवस्थाGujaratCabinet Minister Gajendra YadavVidya Review CenterEducation ReformTechnology Based MonitoringGujarat GovernmentChhattisgarhInnovationData AnalysisEducation System
Next Story





