छत्तीसगढ़

गुजरात दौरे पर मंत्री गजेंद्र यादव ने पुंद्राशन स्कूल का किया निरीक्षण

Shantanu Roy
16 Sept 2025 8:05 PM IST
गुजरात दौरे पर मंत्री गजेंद्र यादव ने पुंद्राशन स्कूल का किया निरीक्षण
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार में शिक्षा क्षेत्र को सशक्त और आधुनिक बनाने के प्रयासों के तहत मंत्री गजेंद्र यादव आज गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर स्थित पुंद्राशन प्राथमिक शाला का निरीक्षण करने पहुँचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में लागू स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग टूल्स और तकनीक-आधारित शिक्षण पद्धतियों का गहराई से अवलोकन किया। साथ ही, विद्यालय के शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने, विद्यालय संचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में डिजिटल उपकरणों की भूमिका पर विचार-विमर्श किया।

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि तकनीक का समुचित उपयोग न केवल बच्चों की समझ और सहभागिता बढ़ाता है, बल्कि शिक्षकों को भी आधुनिक साधनों के माध्यम से बेहतर शिक्षण का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने पुंद्राशन प्राथमिक शाला में लागू नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों का प्रयोग बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और विश्लेषण क्षमता को विकसित करने में सहायक सिद्ध हो रहा है। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गुजरात में अपनाए जा रहे मॉडल से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ में भी तकनीक-आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यालयों में डिजिटल लर्निंग टूल्स, ई-कंटेंट, स्मार्ट क्लासरूम और पारदर्शी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अपनाकर बच्चों के शैक्षणिक स्तर को ऊँचा उठाने की दिशा में सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। मंत्री ने उम्मीद जताई कि दोनों राज्यों के बीच शिक्षा क्षेत्र में अनुभवों का आदान-प्रदान विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि गुजरात में अपनाए जा रहे नवाचार छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणास्त्रोत बन सकते हैं और इससे राज्य में शिक्षा प्रणाली को आधुनिक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

शिक्षा में तकनीक के उपयोग से बच्चों की रुचि बढ़ेगी, शिक्षकों को संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का अवसर मिलेगा और विद्यालयों में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित होगी। गजेंद्र यादव ने शिक्षकों से कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग केवल सुविधा का साधन नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने बच्चों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण सामग्री तैयार करने तथा सीखने की प्रक्रिया को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने की दिशा में प्रयास करने को कहा। मंत्री ने
विद्यालय
प्रशासन को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भी शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और तकनीक आधारित उपायों को अपनाने के लिए व्यापक योजना बनाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस दिशा में राज्य सरकार सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा, सुविधाएँ और आधुनिक सीखने के उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। इस निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिक्षकों की कठिनाइयों को भी समझा और उन्हें आश्वस्त किया कि शिक्षा सुधार के लिए नीति स्तर पर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग एक नई दिशा प्रदान करेगा और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
Next Story