छत्तीसगढ़

गणेश चतुर्थी तीजा और नुवाखाई पर महापौर मीनल चौबे ने दी शुभकामनाएं

Shantanu Roy
13 Sept 2026 1:18 PM IST
गणेश चतुर्थी तीजा और नुवाखाई पर महापौर मीनल चौबे ने दी शुभकामनाएं
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश चतुर्थी, तीजा तिहार और नुवाखाई पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकान्त राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री चंद्राकर सहित एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों, पार्षदों और एल्डरमैनों ने शहरवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना करते हुए पर्वों को उत्साह और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने रायपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण में देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लिए नागरिकों से अधिक से अधिक स्वच्छता फीडबैक देने का आग्रह किया है।

पर्वों के महत्व को बताया
महापौर और नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि 14 सितंबर 2026 को श्री गणेश चतुर्थी और तीजा तिहार का पर्व मनाया जाएगा। गणेश चतुर्थी से दस दिवसीय सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत होती है। यह पर्व प्रथम पूज्य भगवान गणेश की आराधना का विशेष अवसर होता है, जो लोगों को सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा प्रदान करता है। वहीं तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की प्रमुख परंपराओं में शामिल है। इस दिन महिलाएं व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। यह पर्व परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा हुआ है।

नुवाखाई पर उत्कल समाज को शुभकामनाएं
नगर निगम के पदाधिकारियों ने 15 सितंबर 2026 को मनाए जाने वाले नुवाखाई पर्व की भी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी के भक्तों और उत्कल समाज के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। नुवाखाई के अवसर पर श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना करते हैं और नए अन्न के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। यह पर्व सामाजिक एकता, आस्था और परंपरा का प्रतीक है।

गणेश उत्सव समितियों से नियमों के पालन की अपील
महापौर मीनल चौबे और अन्य जनप्रतिनिधियों ने गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि आयोजन के दौरान एनजीटी, छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव श्रद्धा और उत्साह का पर्व है। सभी समितियां प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए ऐसा वातावरण तैयार करें, जिससे शहर में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजन हो सके।

स्वच्छता में नागरिकों की भागीदारी जरूरी
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। महापौर सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। इसके लिए अधिक से अधिक लोग स्वच्छता फीडबैक देकर शहर के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल उत्सव का अवसर नहीं होते, बल्कि समाज को एकजुट करने और सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी होते हैं। स्वच्छता, अनुशासन और आपसी सहयोग से रायपुर को और बेहतर बनाया जा सकता है।
Next Story