
दुर्ग. दो दिन से अच्छी बारिश के कारण जिले में पाटन के सरहदी इलाके से होकर गुजरने वाली खारून नदी का भी जलस्तर बढ़ गया है. वहीं जलाशयों में तेजी से पानी पहुंच रहा है. जलाशयों से शिवनाथ नदी में फिर 25 हजार 250 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. इससे पहले केवल 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था. पूरी रात बारिश के कारण सहायक नदी-नालों से भी शिवनाथ में तेजी से पानी पहुंच रहा है. इसके चलते शिवनाथ का जलस्तर फिर बढऩा शुरू हो गया है.
शनिवार की शाम तक शिवनाथ के महमरा एनीकट के ऊपर करीब साढ़े 5 फीट पानी चल रहा था. मोंगरा बैराज से 14 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. इसके अलावा घुमरिया नाला से 1 हजार 500 क्यूसेक, सूखा नाला से 9 हजार 300 क्यूसेक और खातूटोला जलाशय से 450 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है.
मौसम विभाग ने दुर्ग जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 26 जुलाई तक दुर्ग जिले में औसतन 477.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है. सबसे अधिक बारिश पाटन तहसील में 593.4 मिमी, जबकि सबसे कम धमधा में 383.9 मिमी दर्ज की गई. बारिश का दौर फिलहाल जारी है. जिससे जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है.





