
अंबिकापुर. मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से हुई संजीवनी 108 एंबुलेंस चोरी के मामले में मणिपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी अस्पताल का ही वाहन चालक है, जिसने दरिमा अस्पताल परिसर से भी एंबुलेंस चोरी की थी. उसने सभी एंबुलेंस को चोरी कर बेचना बताया है. मामले में पुलिस खरीदार की तलाश कर रही है.
जानकारी के अनुसार, संजीवनी 108 एंबुलेंस संचालन के जिला प्रबंधक संदीप यादव ने मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उसने पुलिस को बताया था कि 10 जुलाई को एंबुलेंस क्रमांक सीजी 02 6563 का चालक भुनेश्वर कुमार वाहन का स्टेयरिंग जाम हो जाने के कारण उसे अस्पताल के नकीपुरिया वार्ड के पास पार्क किया गया था. फिर 17 जुलाई को जब नकीपुरिया वार्ड के पास गए तो एंबुलेंस नहीं था, चोरी हो गया था.
मामले की विवेचना के दौरन पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला. इसमें रिकवरी वैन से एबुलेंस को खींचकर ले जाने का नजारा दिखा. फिर संदेह के आधार पर पुलिस ने अस्पताल के ही कर्मचारी मो. इब्राहिम अंसारी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने एंबुलेंस चोरी करने की बात स्वीकार की. उसने दरिमा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से भी एंबुलेंस चोरी कर अन्य व्यक्ति से बेचना बताया. मामले में पुलिस ने शहर के मोमिनपुरा निवासी मो. इब्राहिम अंसारी पिता मो. इस्माइल अंसारी उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है. वहीं मामले में खरीदार की तलाश जारी है.





