छत्तीसगढ़

खपरगंज पत्थरबाजी: मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

Shantanu Roy
6 Sept 2026 1:17 PM IST
खपरगंज पत्थरबाजी: मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
x
छग
Bilaspur. बिलासपुर। रक्षा बंधन पर्व की रात बिलासपुर के खपरगंज और मसानगंज इलाके में हुई पत्थरबाजी और हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला। नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक आरोपियों को भारी सुरक्षा के बीच ले जाया गया। इस दौरान पुलिस के जवान तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अक्षय सिंह पिता अजीत सिंह (28 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी तिफरा, अभय शर्मा उर्फ जीनू पिता प्रमोद शर्मा (26 वर्ष), निवासी यदुनंदन नगर गौर कॉलोनी तिफरा, मोहनिश गोस्वामी उर्फ सोनू पिता राजेश गोस्वामी (21 वर्ष), निवासी टिकरापारा शिव टॉकीज चौक और सतानंद साहू पिता पिल्लू साहू (25 वर्ष), निवासी भगत सिंह आजाद नगर तिफरा शामिल हैं। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जिला न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।

CCTV फुटेज से हो रही आरोपियों की पहचान
मसानगंज इलाके में हुई हिंसा और पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और CCTV फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर एक-एक आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जिन लोगों की पहचान फुटेज में हो रही है, उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद दोनों पक्षों से जुड़े कई लोग फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी रामसिंह सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम लगातार संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी गगन कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा और उपद्रव में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रक्षा बंधन जैसे पर्व के दौरान हुई इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Next Story