छत्तीसगढ़

जशपुर पुलिस ने हत्या और लूट के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

Shantanu Roy
6 Nov 2025 9:58 PM IST
जशपुर पुलिस ने हत्या और लूट के तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
x
छग
Jashpur. जशपुर। जशपुर पुलिस ने गुरुवार को हत्या के दो आरोपी और लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हत्या के मामलों में आरोपी शीतल मिंज (39 वर्ष) और जीतु राम (32 वर्ष) तथा लूट के मामले में आवेश भगत (22 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। हत्या का मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तुरीटोंगरी से जुड़ा है। कुछ दिनों पहले यहां एक अधजली लाश मिलने की जानकारी पुलिस को मिली थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने एक नाबालिग और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि बाकी दो आरोपी फरार चल रहे थे।

गुरुवार को पुलिस ने कुनकुरी क्षेत्र से शीतल मिंज और जीतू राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। दोनों के खिलाफ धारा 103(1), 238(क) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। दूसरा मामला ग्राम तेतरटोली का है। 2 नवंबर की रात पिकअप ड्राइवर विनय यादव सब्जी लेकर अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने उन्हें रोका, गाली-गलौज की, मारपीट की और 5000 रुपए की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उसका मोबाइल और बाइक भी छीन लिया। पीड़ित मौका पाकर वहां से भाग निकला और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी आवेश भगत (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और बाइक जब्त कर लिया गया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 127(1), 309(4), 298, 351(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले के अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रख रही है। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई प्राथमिकता पर है और जल्द ही लूट मामले के अन्य फरार आरोपियों को भी
गिरफ्तार
किया जाएगा। जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई से हत्या और लूट के मामलों में सक्रिय निगरानी और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की प्रतिबद्धता दिखाई देती है। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इन गिरफ्तारियों के साथ ही जशपुर में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने कहा कि सभी प्रकार के आपराधिक घटनाओं पर नजर रखी जा रही है और अपराधियों को बचने का मौका नहीं दिया जाएगा।
Next Story