छत्तीसगढ़
फसल कटाई के बाद भी मिलेगी बीमा सुरक्षा, नुकसान पर 72 घंटे में करना होगा दावा
Shantanu Roy
21 Nov 2026 1:56 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का दावा करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब फसल बीमा का क्लेम लेने के कारण किसान धान खरीदी केंद्रों में अपनी उपज बेचने से वंचित नहीं होंगे। फसल क्षति का दावा प्रस्तुत करने और बीमा की क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त करने के बाद भी किसान अपनी बची हुई उपज को कृषि उपज मंडियों और समितियों में नियमानुसार बेच सकेंगे। उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर किसी भी तरह के भ्रम में न रहें और समय पर बीमा कंपनी को सूचना देकर अपना दावा प्रस्तुत करें। कृषि विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत स्थानीय आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान पर बीमित किसानों को सुरक्षा प्रदान की जाती है। चक्रवात, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक घटनाओं के कारण फसल क्षतिग्रस्त होने पर किसान योजना के तहत बीमा दावा कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित बीमित किसान को घटना के 72 घंटे के भीतर नुकसान की सूचना देना अनिवार्य है।
72 घंटे के भीतर देनी होगी नुकसान की जानकारी
उप संचालक कृषि ने बताया कि फसल नुकसान की सूचना देते समय प्रभावित फसल, क्षति की मात्रा और नुकसान होने के कारण का स्पष्ट उल्लेख करना जरूरी है। किसान संबंधित बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1800-419-0344 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय कृषि एवं राजस्व अधिकारियों अथवा संबंधित बैंक को भी इसकी जानकारी दी जा सकती है। किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 पर कॉल करके या संबंधित पोर्टल के माध्यम से भी फसल क्षति की सूचना दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा में शिकायत दर्ज कराने से नुकसान के आकलन और क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
कटाई के बाद खेत में रखी फसल को भी मिलेगा बीमा लाभ
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत केवल खेत में खड़ी फसल ही नहीं, बल्कि कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई फसल को भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिलेगा। योजना के प्रावधानों के अनुसार, अधिसूचित फसल को कटाई के बाद खेत में फैलाकर सुखाने अथवा बंडलों में सुरक्षित रखे जाने के दौरान चक्रवात और बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर बीमित किसान क्षतिपूर्ति के पात्र होंगे। इस व्यवस्था से उन किसानों को राहत मिलेगी, जिनकी फसल कटाई के बाद खेत में रखी हुई है और अचानक मौसम खराब होने से उपज को नुकसान पहुंचता है। ऐसी स्थिति में किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीमा दावा प्रस्तुत कर सकते हैं।
48 घंटे में नियुक्त होगा सर्वेयर, 10 दिन में आकलन
कृषि विभाग के अनुसार, फसल क्षति की सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा 48 घंटे के भीतर नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वेयर नियुक्त किए जाएंगे। इसके बाद 10 दिनों के भीतर फसल को हुए नुकसान का आकलन पूरा किया जाएगा। संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने के 15 दिनों के भीतर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि किसानों के बैंक खातों में भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम करने वाले किसानों को धान खरीदी से वंचित नहीं किया जाएगा। किसान फसल नुकसान के बाद बची हुई उपज को कृषि उपज मंडियों और समितियों में निर्धारित नियमों के अनुसार बेच सकेंगे।
Next Story





