छत्तीसगढ़
नाबालिग चोरों के गैंग का पर्दाफाश, 9 बालकों समेत 11 के खिलाफ कार्रवाई
Shantanu Roy
26 Sept 2026 9:56 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। निर्माणाधीन मकान से कॉपर वायर और एसी कॉपर पाइप चोरी करने वाले नाबालिगों के समूह का खमतराई पुलिस ने पता लगाया है। पुलिस ने मामले में 9 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की है। वहीं चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी और बर्तन दुकान संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने करीब 43 किलोग्राम कॉपर वायर, एसी का कॉपर पाइप और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने चोरी के मामलों में त्वरित पतासाजी और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खमतराई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। 6 सितंबर 2026 को सेक्टर-03 शिवानंद नगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने निर्माणाधीन मकान से बिजली का कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 945/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय जानकारी और मुखबिर से मिली सूचना को जोड़ते हुए पुलिस टीम संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों में कुछ विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि 9 नाबालिग एक समूह के रूप में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। आगे की जांच में इन बालकों की थाना सरस्वती नगर के 3 और थाना खमतराई के 3 अन्य चोरी के मामलों में भी कथित संलिप्तता सामने आई।
इन मामलों में एसी के कॉपर पाइप चोरी करने, दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान चोरी करने की घटनाएं शामिल हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों के सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य उपलब्ध तथ्यों को आपस में जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को चोरी के माल को खपाने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए कॉपर वायर और एसी के कॉपर पाइप को गुढ़ियारी स्थित कबाड़ी दुकान संचालक किशुन भारती को बेचा जाता था। पुलिस टीम ने कबाड़ी दुकान पर कार्रवाई करते हुए 19.300 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 19,300 रुपये बताई गई है।
आगे की जांच में पता चला कि कबाड़ी द्वारा चोरी का कुछ माल राजातालाब स्थित बर्तन दुकान संचालक शांति एस. जोसेफ को बेचा गया था। पुलिस ने वहां भी कार्रवाई की। दुकान से 23.700 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 23,700 रुपये है, तथा एसी का कॉपर पाइप बरामद किया गया। इस तरह पुलिस ने चोरी करने वाले नाबालिगों से लेकर चोरी का माल खरीदने और आगे खपाने वाले लोगों तक पूरी कड़ी का पता लगाया। मामले में धारा 317(4) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
प्रकरण में 9 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं चोरी का माल खरीदने के आरोप में किशुन भारती उम्र 40 वर्ष, निवासी मुर्रा भट्ठी पार्वती, थाना गुढ़ियारी और शांति एस. जोसेफ उम्र 74 वर्ष, निवासी राजातालाब दुर्गा चौक, थाना सिविल लाइन के खिलाफ भी विधिवत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, मामले में कुल 11 के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। बरामद सामान में करीब 43 किलोग्राम कॉपर वायर, जिसकी कीमत लगभग 43 हजार रुपये है, एसी कॉपर पाइप और अन्य चोरी का सामान शामिल है। नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा चोरी के मामलों में सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय पूछताछ, मुखबिर सूचना और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। इस मामले में भी पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं को जोड़ते हुए चोरी के माल की बरामदगी और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
Next Story





