छत्तीसगढ़

धमतरी के सिरसिदा में उफान के बीच फंसा मारुति धाम का पुजारी, SDRF ने बचाया

Shantanu Roy
26 Sept 2026 7:15 PM IST
धमतरी के सिरसिदा में उफान के बीच फंसा मारुति धाम का पुजारी, SDRF ने बचाया
x
छग
Raipur. ​रायपुर। ​छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मूसलाधार बारिश से उपजे जलभराव के बीच राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ा हादसा टाल दिया। कुरुद विकासखंड स्थित ग्राम सिरसिदा के प्रसिद्ध मारुति धाम में शुक्रवार शाम से पानी के तेज बहाव के बीच फंसे मंदिर के पुजारी को SDRF की टीम ने शनिवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ​मिली जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मारुति धाम मंदिर परिसर और आसपास के रास्ते पूरी तरह जलमग्न हो गए थे, जिससे आवागमन ठप हो गया था।

मंदिर के पुजारी पानी के बढ़ते स्तर के कारण वहीं फंस गए। जैसे ही जिला प्रशासन को इस स्थिति की सूचना मिली, आपदा प्रबंधन टीम को तुरंत अलर्ट मोड पर लाया गया। ​शनिवार सुबह SDRF के जवानों ने प्रतिकूल मौसम और जलभराव की गंभीर स्थिति के बावजूद बेहद सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पानी के बहाव और सुरक्षित रास्तों का त्वरित आकलन करते हुए जवानों ने सुरक्षित बोट के जरिए पुजारी तक पहुंच बनाई और उन्हें सकुशल रेस्क्यू कर गांव तक पहुंचाया।

​प्रशासन की अपील: जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें
​घटना के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरे जिले में संवेदनशील और प्रभावित क्षेत्रों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने राज्य के नागरिकों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान उफान पर आए नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले स्थानों पर जाने का जोखिम न उठाएं। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति बनने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा राहत दल को सूचित करें।
Next Story