छत्तीसगढ़
विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर एसपी ने ली विश्वविद्यालयों की बैठक
Shantanu Roy
21 Sept 2026 1:37 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा, शैक्षणिक वातावरण और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रायपुर प्रशासन ने अहम बैठक की। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने जिले में संचालित विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों एवं प्रतिनिधियों से चर्चा की। बैठक में विदेशी विद्यार्थियों के सुरक्षित आवास, संस्थानों की जिम्मेदारी, प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय तथा अपराधों की रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विदेशी विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों दोनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के निर्देश
बैठक में विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए गए कि विदेशी विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था सुरक्षित और व्यवस्थित होनी चाहिए। वर्तमान में जो विदेशी विद्यार्थी विश्वविद्यालय या कॉलेज के छात्रावास से बाहर निजी मकानों, पीजी या अन्य स्थानों पर रह रहे हैं, उन्हें अगले 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान से जुड़े सुरक्षित हॉस्टल या आवासीय व्यवस्था में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संस्थानों को कार्ययोजना तैयार करनी होगी।
कानून उल्लंघन पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के खिलाफ केवल उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने बताया कि समय-समय पर विदेशी विद्यार्थियों से जुड़ी शिकायतें और सूचनाएं प्राप्त होती रहती हैं। कुछ मामलों में अनुशासनहीनता या कानून विरोधी गतिविधियों से संबंधित शिकायतें भी सामने आई हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए विश्वविद्यालयों को निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, विद्यार्थियों की काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
विदेशी छात्रों की जानकारी रखने के निर्देश
सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिया गया कि उनके यहां पढ़ने वाले विदेशी विद्यार्थियों की अद्यतन और सत्यापित जानकारी व्यवस्थित रूप से रखी जाए और जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन व पुलिस के साथ साझा की जाए। जानकारी में विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश स्थिति, हॉस्टल या आवास का विवरण और संपर्क संबंधी जानकारी शामिल रखने को कहा गया है।
भारतीय कानून और स्थानीय संस्कृति की जानकारी दें
बैठक में कहा गया कि अलग-अलग देशों से आने वाले विद्यार्थियों की सामाजिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि अलग हो सकती है। ऐसे में विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे विदेशी विद्यार्थियों को भारतीय कानून, स्थानीय व्यवहार, रीति-रिवाज, सार्वजनिक आचरण और संवेदनशील विषयों की जानकारी दें। इसके अलावा संस्थानों को नियमित ओरिएंटेशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इनमें आपातकालीन नंबर, पुलिस सहायता, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा और नशीले पदार्थों से दूरी जैसे विषयों पर जानकारी देने को कहा गया।
प्रशासन ने की सहयोग की अपील
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि सभी मिलकर रायपुर को सुरक्षित और शांतिपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन ने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय, विद्यार्थी, अभिभावक और समाज के संयुक्त प्रयास से ही बेहतर माहौल बनाया जा सकता है।
Next Story





