छत्तीसगढ़

ADM की गिरफ्तारी पर CM साय बोले किसी को बख्शा नहीं जाएगा

Shantanu Roy
13 Sept 2026 2:35 PM IST
ADM की गिरफ्तारी पर CM साय बोले किसी को बख्शा नहीं जाएगा
x
छग
Raipur. रायपुर। बहुचर्चित CGPSC घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के एडिशनल कलेक्टर (ADM) चेतन बरघोरिया की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री साय ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति हो, उसके खिलाफ जांच होगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

CM साय ने कहा नहीं मिलेगा किसी को संरक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार में किसी भी तरह के अपराध को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और किसी भी आरोपी को बचाया नहीं जाएगा। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार में अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि भ्रष्टाचार या किसी भी गलत गतिविधि में शामिल लोगों को संरक्षण नहीं मिलेगा।

ED ने ADM चेतन बरघोरिया को किया गिरफ्तार
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ADM चेतन बरघोरिया को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई CGPSC घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई है। ED ने ADM को विशेष अदालत के सामने पेश किया, जहां जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े कई अहम तथ्यों को सामने रखा। अदालत में ED की ओर से उत्कर्ष चंद्राकर और चेतन बरघोरिया के बीच हुई कथित वाट्सएप चैट का भी हवाला दिया गया। इसके बाद कोर्ट ने चेतन बरघोरिया को 6 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसी अब उनसे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ कर रही है।

CGPSC घोटाला मामले में जांच जारी
CGPSC घोटाला मामला लंबे समय से जांच के दायरे में है। इस मामले में परीक्षा प्रक्रिया, चयन और कथित अनियमितताओं को लेकर जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं। ED की जांच मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से आगे बढ़ रही है। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित अनियमितताओं से जुड़े पैसों का लेन-देन किस तरह हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल रहे।

ब्रिक्स समिट पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बार भारत को ब्रिक्स समिट की मेजबानी करने का अवसर मिला है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और कूटनीतिक मजबूती से जोड़कर बताया। फिलहाल CGPSC घोटाला मामले में ED की जांच जारी है। ADM चेतन बरघोरिया से पूछताछ के बाद आने वाले दिनों में मामले से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना है। वहीं मुख्यमंत्री के बयान के बाद सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख का संदेश दिया है।
Next Story