छत्तीसगढ़
भिलाई में चिट्टा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश, दो नाबालिग समेत 13 पकड़े गए
Shantanu Roy
25 Nov 2026 3:27 PM IST

x
छग
Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खुर्सीपार में स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा (हेरोइन) बेचने वाले कथित नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में अब तक दो नाबालिगों समेत 13 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और कार सहित कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपये का सामान जब्त किया है। मामले में लगातार जांच करते हुए पुलिस ने 24 नवंबर को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन नंबर-3 स्थित जीरो स्ट्रीट में जसबीर कौर के मकान में हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से कथित तौर पर चिट्टा बेचकर अर्जित की गई दो लाख 35 हजार 100 रुपये की नकदी, सोने के 19 आभूषण, चांदी के गहने और बर्तन, आठ मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया था। शुरुआती कार्रवाई में कुल 29 लाख 22 हजार 300 रुपये का सामान जब्त किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की। पुलिस ने 19 सितंबर को जसबीर कौर के साथ नितेश सोनी, तिरकेश निषाद और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा था। इसके बाद 24 सितंबर को गुरमीत सिंह उर्फ लक्की और हेमंत दयाल उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया। छह अक्टूबर को आशीष कुमार शाह उर्फ कुक्कन को पकड़ा गया। विवेचना के दौरान मनजी कुमार, रॉबी सिंह और ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 24 नवंबर को मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया। रबेल सिंह जामुल के अटल आवास स्थित गोकुल नगर का निवासी है, जबकि गौरव अहिरवार वैशाली नगर का रहने वाला है। दोनों के कब्जे से कथित तौर पर चिट्टा बिक्री से प्राप्त 3,500 रुपये की नकदी, दो मोबाइल फोन, हुंडई आई-20 कार और पेपर रोल जब्त किए गए हैं। जब्त मोबाइल फोन की कुल कीमत 70 हजार रुपये और कार की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 10 लाख 73 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले में अब तक 14 लाख 9 हजार 200 रुपये की हेरोइन, दो लाख 38 हजार 600 रुपये नकद, नौ लाख 65 हजार रुपये के सोने के 19 आभूषण और एक लाख 80 हजार रुपये के चांदी के गहने एवं बर्तन जब्त किए गए हैं। इसके अलावा दो लाख रुपये कीमत के 10 मोबाइल फोन, 10 लाख रुपये की कार, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पेपर रोल भी जब्ती में शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी हेरोइन की अवैध खरीद-बिक्री के माध्यम से कमाई कर रहे थे। मामले में गिरफ्तार वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। स्कूल-कॉलेज के युवाओं तक नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले कथित नेटवर्क के खिलाफ हुई इस कार्रवाई में पुलिस अब तक करीब 40 लाख रुपये का सामान जब्त कर चुकी है। फिलहाल प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
Tagsभिलाई चिट्टा तस्करीखुर्सीपार पुलिस कार्रवाईहेरोइन तस्करी नेटवर्कछत्तीसगढ़ अपराध समाचारछत्तीसगढ़ अपराधहेरोइन तस्करीखुर्सीपार पुलिसचिट्टा तस्करीBhilai Chitta SmugglingKhursipar Police ActionHeroin Smuggling NetworkChhattisgarh Crime NewsChhattisgarh CrimeHeroin SmugglingKhursipar PoliceChitta Smuggling
Next Story





