छत्तीसगढ़
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन
Shantanu Roy
2 Jan 2026 9:36 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के वर्ष 2026 के कैलेंडर एवं डायरी (दैनंदिनी) का विमोचन आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर स्थित अपने शंकर नगर निवास ‘स्पीकर हाउस’ में किया। इस अवसर पर राजनीतिक, संसदीय और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। विमोचन कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, मंत्री खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष के सचिव विक्रम सिसोदिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह के छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष के रूप में दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विशेष पुस्तक “डॉ. रमन सिंह : छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्षीय कार्यकाल के दो वर्ष – महत्वपूर्ण कार्य एवं उपलब्धियां” का भी विमोचन किया गया। इस पुस्तक में अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान संसदीय नवाचारों, विधायी सुधारों, परंपराओं के सुदृढ़ीकरण एवं विधानसभा की गरिमा बढ़ाने वाले प्रयासों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की संकल्पना के अनुरूप वर्ष 2026 का कैलेंडर एवं दैनंदिनी एक नए एवं आकर्षक स्वरूप में तैयार की गई है। इसमें भारतीय संविधान की चित्रगाथा को विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिससे संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं की जानकारी सहज रूप में मिल सके। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती वर्ष से जुड़े महत्वपूर्ण अवसरों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
कैलेंडर एवं दैनंदिनी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ विधानसभा आगमन एवं विधायकों को दिए गए संबोधन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित नवीन विधानसभा भवन के लोकार्पण, विधानसभा परिसर में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण, विधायकों एवं पत्रकारों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रमों सहित विधानसभा से जुड़े अन्य ऐतिहासिक और विशिष्ट अवसरों के छायाचित्रों को शामिल किया गया है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा की 25 वर्षों की संसदीय यात्रा पर केंद्रित वृत्त चित्र का भी विमोचन किया गया, जिसका निर्माण एवं निर्देशन कीर्ति सिसोदिया द्वारा किया गया है। यह वृत्त चित्र राज्य गठन के बाद से विधानसभा की लोकतांत्रिक यात्रा, विधायी परंपराओं और ऐतिहासिक निर्णयों को दर्शाता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कैलेंडर और दैनंदिनी केवल तिथियों का संग्रह नहीं, बल्कि विधानसभा की गौरवशाली परंपरा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक जिम्मेदारियों का प्रतीक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रकाशन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
Tagsछत्तीसगढ़ विधानसभाडॉ. रमन सिंहविधानसभा अध्यक्षकैलेंडर 2026दैनंदिनी विमोचनस्पीकर हाउसरायपुरनेता प्रतिपक्ष चरणदास महंतकेदार कश्यपसंसदीय कार्य मंत्रीरजत जयंती वर्षभारतीय संविधानराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मुप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीनवीन विधानसभा भवनअटल बिहारी वाजपेयी प्रतिमासंसदीय यात्रावृत्त चित्र विमोचनलोकतांत्रिक परंपराएंChhattisgarh Legislative AssemblyDr. Raman SinghSpeaker of the Legislative AssemblyCalendar 2026Diary ReleaseSpeaker HouseRaipurLeader of the Opposition Charandas MahantKedar KashyapParliamentary Affairs MinisterSilver Jubilee YearIndian ConstitutionPresident Draupadi MurmuPrime Minister Narendra ModiNew Legislative Assembly BuildingAtal Bihari Vajpayee StatueParliamentary JourneyDocumentary ReleaseDemocratic Traditions
Next Story





