छत्तीसगढ़
नागरिक सुविधाओं में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, 8 पेट्रोल पंप सील
Shantanu Roy
25 Nov 2026 9:37 PM IST

x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पेट्रोल-डीजल पंपों पर नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने वाले संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन और नागरिक सुविधाओं में कमी पाए जाने पर आठ पेट्रोल पंपों को आगामी आदेश तक सील करते हुए पेट्रोल-डीजल के विक्रय पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों और संबंधित तेल कंपनियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के तहत अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स अंजोरीपाली विकासखंड खरसिया, नरेंद्र केएसके राजपुर, एमएस हेमकुण्ड फ्यूल्स कुरमापाली तहसील रायगढ़, मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स जूटमिल रायगढ़ और बाबा फिलिंग स्टेशन विकासखंड धरमजयगढ़ में विक्रय बंद करने की कार्रवाई की गई है। निरीक्षण के दौरान संबंधित पेट्रोल पंपों में मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 और एलओआई की निर्धारित कंडिकाओं का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आगामी आदेश तक संबंधित पेट्रोल पंपों में ईंधन की बिक्री बंद कर दी है।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने पहले ही जिले के सभी पेट्रोल-डीजल पंप संचालकों को नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए थे। प्रत्येक पेट्रोल पंप में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्वच्छ एवं उच्च स्तर के शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया था। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन और हाइजीन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन ने पेट्रोल पंपों में एयरपोर्ट स्तर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया था। इसके बावजूद संयुक्त टीम के निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों में आवश्यक सुविधाओं की कमी और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पंप संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित तेल कंपनियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों को प्रत्येक पंप में स्वच्छ पेयजल, वाहनों में निःशुल्क हवा भरने की सुविधा, प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत एवं सुझाव बॉक्स उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा फोन और आपातकालीन संपर्क की सुविधा भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। सड़क किनारे संचालित पेट्रोल-डीजल पंपों के एप्रोच एरिया में भी आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य वाहन चालकों और आम नागरिकों को पेट्रोल पंपों तक पहुंचने और वहां से निकलने के दौरान होने वाली असुविधाओं को दूर करना है।
प्रशासन ने नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए संबंधित तेल कंपनियों और डीलरों की जिम्मेदारी भी स्पष्ट की है। ए-साइट श्रेणी के पेट्रोल-डीजल पंपों में संबंधित तेल कंपनियों द्वारा शौचालयों का निर्माण और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, बी-साइट श्रेणी के पेट्रोल पंपों में यह जिम्मेदारी संबंधित डीलर एवं संचालक की होगी। पेट्रोल पंपों पर ईंधन की बिक्री के साथ नागरिकों को निर्धारित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य पेट्रोल पंपों में स्वच्छता, सुरक्षा और जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के पेट्रोल पंपों की जांच और निगरानी लगातार जारी रहेगी। फिलहाल कार्रवाई के दायरे में आए आठ पेट्रोल पंपों में आगामी आदेश तक पेट्रोल-डीजल का विक्रय बंद रहेगा।
Tagsरायगढ़ पेट्रोल पंप सीलजिला प्रशासन की कार्रवाईपेट्रोल पंप नागरिक सुविधाएंराजस्व एवं खाद्य विभागपेट्रोल पंप सीलपेट्रोल पंपजिला प्रशासन कार्रवाईखाद्य विभागRaigarh petrol pump sealedaction by district administrationpetrol pump civic amenitiesrevenue and food departmentpetrol pump sealedpetrol pumpdistrict administration actionfood department
Next Story





