बिहार

Patna: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सेब की पेटियों से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद

Sarita
8 Sept 2025 6:26 AM IST
Patna: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सेब की पेटियों से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद
x
Patna पटना: पटना पुलिस ने रविवार को एक सक्रिय शराब तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि अगमकुआं थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुम्हरार के बड़ा गेट इलाके में एक घर में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो वहां से सेब की 57 पेटियां बरामद हुईं। पहली नज़र में ये आम फलों की पेटियां लग रही थीं, लेकिन खोलने पर इनमें विदेशी शराब की बोतलें भरी हुई थीं। इसके अलावा सेब की पेटियों में बीयर की बोतलें भी छिपाई गई थीं। इसी चालाकी से तस्कर पुलिस की नज़रों से बचकर लंबे समय से धंधा चला रहे थे। पुलिस ने मौके से आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनसे नेटवर्क की और कड़ियों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में करमलीचक निवासी टुनटुन कुमार, मुसल्लहपुर हाट निवासी छोटू कुमार, गोरौल, वैशाली निवासी पथलू सहनी और कुम्हरार निवासी उज्ज्वल कुमार यादववंशी शामिल हैं। जांच में पता चला कि पथलू सहनी इस पूरे गिरोह का सरगना है। उसने टुनटुन कुमार के साथ मिलकर शराब तस्करी का नेटवर्क खड़ा किया था। उज्ज्वल ने शराब रखने के लिए अपना घर मुहैया कराया था। एसपी परिचय कुमार ने बताया कि यह गिरोह कई महीनों से विदेशी शराब की तस्करी में सक्रिय था। शराब की सप्लाई दूसरे जिलों में की जाती थी। पैकिंग के तरीके और नेटवर्क को देखते हुए साफ है कि इनके पीछे कोई बड़ा रैकेट काम कर रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और सप्लाई चेन को खंगालने में जुटी है।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है, इसके बावजूद तस्कर रोज नए-नए तरीके अपनाकर शराब बेचने की कोशिश करते रहते हैं। हालिया कार्रवाई से साफ हो गया है कि पुलिस लगातार इन पर नजर रख रही है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद और नाम सामने आने की संभावना है।
Next Story