बिहार

Bihar: ट्रैक्टर पलटने से युवक की दर्दनाक मौत

Sarita
10 Oct 2025 9:44 AM IST
Bihar: ट्रैक्टर पलटने से युवक की दर्दनाक मौत
x
Bihar बिहार: बांका जिले के रजौन प्रखंड के सिंघनान पंचायत में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दयालपुर-रामपुर ग्रामीण मार्ग पर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रिदल यादव के 22 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार के रूप में हुई है। रंजीत यादव भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जामगांव, बलुआचक का निवासी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रंजीत कुमार ट्रैक्टर लेकर दयालपुर की ओर जा रहा था, तभी तेज गति के कारण ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर का इंजन चालक पर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह कुचल गया। ग्रामीणों ने शोर मचाया, आसपास के लोगों को बुलाया और ट्रैक्टर को सीधा करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक रंजीत कुमार की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर अपर थाना प्रभारी रवि कुमार और उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार भी देर रात तक घटनास्थल पर ही रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि चांदन नदी के कई घाटों पर अवैध बालू खनन का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। कई ट्रैक्टर दिन-रात बालू की ढुलाई में लगे रहते हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन अवैध बालू खनन पर तुरंत रोक लगाए और रात में बालू की ढुलाई करने वाले ट्रैक्टरों पर कड़ी निगरानी रखे, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story