बिहार

Bihar : शादी समारोह में जा रहे युवकों को ट्रक ने कुचला, एक की मौत

Sarita
5 March 2025 9:27 AM IST
Bihar : शादी समारोह में जा रहे युवकों को ट्रक ने कुचला, एक की मौत
x
Bihar बिहार: मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मौजमपुर में भीषण सड़क हादसे में शादी समारोह में जा रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस वक्त हुआ जब दो युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने जा रहे थे. तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए. इस हादसे में नगर पंचायत संग्रामपुर वार्ड-7 निवासी चंदेश्वरी यादव के पुत्र रोशन कुमार (20) की मौके पर ही मौत हो गई. रोशन अपने परिवार में सबसे बड़ा था और उसके दो छोटे भाई और एक बहन हैं|
उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं घायल युवक की पहचान नगर पंचायत वार्ड-6 निवासी सिंटू कुमार के रूप में हुई है, जो संजय यादव का पुत्र है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. संग्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल सिंटू कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। फिलहाल परिजन संग्रामपुर के एक निजी क्लीनिक में उसका इलाज करा रहे हैं।
घटना के बाद गांव में काफी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने देवघर मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों की मांग थी कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए।
पुलिस ने ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना मौजमपुर के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। संग्रामपुर थाना प्रभारी सत्यम कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रक और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। मृतक के परिजनों के आवेदन पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, रोशन कुमार की मौत से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने के लिए जुट रहे हैं।
Next Story