बिहार

Bihar News: मारपीट में घायल युवक की आठ दिन बाद इलाज के दौरान मौत

Sarita
18 Feb 2025 8:28 AM IST
Bihar News:  मारपीट में घायल युवक की आठ दिन बाद इलाज के दौरान मौत
x
Bihar News: गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के बेदू टोला गांव निवासी एक युवक की सोमवार की दोपहर गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान बेदू टोला निवासी भृगु प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 11 फरवरी को हुई मारपीट की घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा था।
जानकारी के अनुसार मामले को लेकर मृतक की मां मनोरमा देवी ने थावे थाने में सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उनके बेटे दीपक कुमार की दुर्गा मंदिर के पास स्थित पल्लवी होटल के पास बेरहमी से पिटाई की गई थी। इसके अलावा आरोपियों ने दीपक की जेब से 20 हजार रुपये और मोबाइल भी छीन लिया। मारपीट के बाद दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर उसकी हालत बिगड़ने पर गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
मारपीट के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों बेदू टोला गांव के सुनील मांझी और उचकागांव थाना क्षेत्र के बरारी जगदीश गांव निवासी रेयाउद्दीन उर्फ ​​बुलेट को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर की जाएगी. इधर, युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है. परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
Next Story