
x
Bihar News : हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर नेनहा गांव के समीप तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क पार कर रहे भाई-बहन को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के नेनहा गांव निवासी अर्जुन झा की 27 वर्षीय पुत्री चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। घायल युवक उसका 25 वर्षीय भाई प्रिंस कुमार है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बोलेरो वाहन की पहचान कर ली गई है तथा वाहन को बरामद करने तथा चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Next Story





