
x
Bihar बिहार: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के मौदही गांव में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से गुरुवार को एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान मौदही गांव के कोमल टोला निवासी 55 वर्षीय गया प्रसाद के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है. स्थानीय लोगों के अनुसार गया प्रसाद खेत में काम करने जा रहा था, तभी वह पहले से गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार के संपर्क में आ गया. तार के संपर्क में आते ही वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी|
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बुधवार की रात तेज हवा और बारिश के कारण बिजली का तार खेत में गिर गया. रात में ही बिजली विभाग को इसकी सूचना दे दी गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।तार को हटाया नहीं गया और लाइन चालू रही, जिससे यह हादसा हुआ।
Next Story





