बिहार

Bihar Accident: इलाज कराकर लौट रहे बाइक सवार को ट्रक ने कुचला, मौत

Sarita
20 Feb 2025 12:09 PM IST
Bihar Accident: इलाज कराकर लौट रहे बाइक सवार को ट्रक ने कुचला,  मौत
x
Bihar Accident: मुंगेर में एक अनियंत्रित ट्रक चालक ने बाइक पर बैठे तीन लोगों को कुचल दिया. इस घटना में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. घटना टेटिया बम्बर थाना क्षेत्र के गंगटा संग्रामपुर मुख्य मार्ग पर ठाढ़ा पटघर के पास हुई. मृतकों की पहचान राजा राम कुमार और पंकज कुमार के रूप में हुई है, जबकि संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल है. तीनों नालंदा जिले के बिहारशरीफ अंतर्गत रामपुर गांव के रहने वाले हैं|
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि वे तीन दिन पहले टेटिया बम्बर प्रखंड में शिवरात्रि के अवसर पर ऊंचेश्वर नाथ महादेव देवघरा में चार दिवसीय मेले में झूला लगाने पहुंचे थे. संदीप की तबीयत खराब होने के कारण राजा राम और पंकज कुमार उसे डॉक्टर को दिखाने के लिए बाइक से संग्रामपुर बाजार गए थे. रात 11 बजे इलाज कराकर लौटने के दौरान गंगटा संग्रामपुर मुख्य मार्ग पर ठाढ़ा पटघर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार राजा राम कुमार और पंकज कुमार की मौत हो गई|
इस दुर्घटना में संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने संदीप को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया और फिर उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। टेटिया बम्बर थाने की पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
Next Story