बिहार

लग्जरी सफर के पीछे छिपा था बड़ा राज, नेहा की कहानी ने सबको चौंकाया

Gulabi Jagat
6 Sept 2026 7:26 AM IST
लग्जरी सफर के पीछे छिपा था बड़ा राज, नेहा की कहानी ने सबको चौंकाया
x

लग्जरी सफर के पीछे छिपा था बड़ा राज, नेहा की कहानी ने सबको चौंकाया 

टीम ने एसी फर्स्ट क्लास के एच-1 कोच में तलाशी अभियान शुरू किया

बिहार: बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। समस्तीपुर में आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर शराब बरामद की है। इस मामले में एक युवती और उसके साथ यात्रा कर रहे युवक को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर रेल मंडल की आरपीएफ टीम को सूचना मिली थी कि 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में एक युवती शराब की खेप लेकर सफर कर रही है। ट्रेन नई दिल्ली से जयनगर की ओर जा रही थी। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम समस्तीपुर स्टेशन पहुंची और ट्रेन का इंतजार करने लगी।

जैसे ही ट्रेन समस्तीपुर स्टेशन पहुंची, टीम ने एसी फर्स्ट क्लास के एच-1 कोच में तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक युवती के पास रखे दो सूटकेस संदिग्ध मिले। जब बैगों की तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में ब्रांडेड शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके बाद आरपीएफ टीम ने युवती को शराब से भरे दोनों बैगों के साथ हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि नेहा नई दिल्ली से करीब 75 लीटर शराब लेकर समस्तीपुर आ रही थी। उसके साथ हरियाणा के करनाल निवासी ईशान कुमार भी एसी फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहा था। पुलिस ने उसे भी मामले में गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद वीडियो हुआ वायरल

युवती की गिरफ्तारी के बाद उसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। सोशल मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई शराब बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के आधार पर की है। आरपीएफ और जीआरपी अब इस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर शराब तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Next Story