लाइफ स्टाइल

ढलती उम्र में शरीर को फिट रखने के लिए जरूर करना चाहिए योग

Admin4
23 Feb 2021 5:37 PM GMT
ढलती उम्र में शरीर को फिट रखने के लिए जरूर करना चाहिए योग
x
वन बड़ा ही अनमोल है। पहले बचपन, फिर जवानी और उसके बाद बुढापा। ये जीवन के तीन अहम पड़ाव हैं

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | जीवन बड़ा ही अनमोल है। पहले बचपन, फिर जवानी और उसके बाद बुढापा। ये जीवन के तीन अहम पड़ाव हैं। जवानी के बाद हम जब बुढ़ापे की तरफ बढ़ते हैं, तो हमें जीवन में कई तरह के कष्ट झेलने पड़ते हैं। कई बीमारियां हमें घेर लेती हैं, शरीर में कई तरह के दर्द होते हैं आदि कई चीजें 60 की उम्र में आते-आते लोगों को काफी परेशान करती हैं। लेकिन अगर आप लंबे वक्त तक चुस्त रहना चाहते हैं, शरीर को तंदुरुस्त रखना चाहते हैं, तो आपके लिए कुछ ऐसे योगासन हैं जिनकी मदद से आप उम्र के इस पड़ाव में भी एकदम फिट रह सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इनके बारे में।

सीने और कंधे हो सकते हैं मजबूत
योगासन का हमारे जीवन में काफी अहम रोल होता है। अगर आपको अपने कंधे और सीने को मजबूत करना है, तो आप इसके लिए वॉल पुशप्स यानी दीवार पर होने वाले पुशप्स की मदद ले सकते हैं। इसके लिए आपको दीवार से तीन फीट तक दूर खड़े होना है और फिर दोनों हथेलियों को दीवार पर टेककर खड़े होना है। इसके बाद अपने शरीर को आगे की तरफ लाएं और झुकने का प्रयास करें। एक बार में कम से कम दस बार ऐसा करें, इससे आपका सीना और कंधे मजबूत होने में मदद मिलेगी।
कंधे झुकने से बचेंगे
जब हमारी उम्र बढ़ती है, तो आपने देखा होगा कि कई लोगों के कंधे झुकने लगते हैं। ऐसे में कंधे झुकने से बचने के लिए आप कंधे की स्ट्रेचिंग कर सकते हैं। इसके लिए आपको करना ये है कि पहले जमीन पर सीधे खड़े होना है और फिर अपने एक हाथ को दूसरे हाथ के कंधे पर ले जाना है। फिर दूसरे हाथ से मुड़े हुए हाथ की कोहनी को पीछे की और धकेलने की कोशिश करें। ऐसा करने से आपकी नशों में खिंचाव आएगा और आपको आराम मिलेगा। इसलिए आप इसे रोज कर सकते हैं।
कुछ काम भी करें
जब हमारी उम्र बढ़ती है, तो हम काम करना छोड़ देते हैं और खाली बैठ जाते हैं। लेकिन हमें ऐसा नहीं करना चाहिए। हमें घर पर हल्के-फुल्के काम करने चाहिए, हम घर पर गार्डनिंग कर सकते हैं, घर के छोटे-मोटे कामों में हाथ बटा सकते हैं। साथ ही आप घर पर बैठने की जगह रोज सुबह-शाम पार्क में या घर के आसपास सैर पर जा सकते हैं। ऐसा करने से आपका शरीर सक्रिय बना रहेगा, और आपको अच्छा महसूस होगा।
पैरों को मिलेगा आराम
जब व्यक्ति की उम्र बढ़ती है, तो उसे सबसे ज्यादा दिक्कत पैरों में होती है। पैरों में दर्द से लेकर चलने में दिक्कतें होती हैं। ऐसे में आपको पैरों के लिए व्यायाम करना चाहिए। आप ऐसा कर सकते हैं कि आप एक कुर्सी पर आराम से बैठ सकते हैं और फिर एक पैर को जमीन से थोड़ा ऊपर उठाते हुए अपने टखनों को धीरे-धीरे घुमाएं। बदल-बदलकर आपको ऐसा दोनों पैरों से करना है। इससे पैरों की मांसपेशियां और हड्डी मजबूत होंगी। इसलिए आप इसको रोजाना कर सकते हैं।


Next Story