लाइफ स्टाइल

Kala Khatta Sharbat :काला-खट्टा शरबत पीकर आपको बचपन की आइसक्रीम की याद आ जाएगी

Sarita
13 May 2025 1:01 PM IST
Kala Khatta Sharbat :काला-खट्टा शरबत पीकर आपको बचपन की आइसक्रीम की याद आ जाएगी
x
Kala Khatta Sharbat : गर्मियों की छुट्टियों में जब हम धूप में खेल-खेलकर थक जाते थे, तब ठेले पर खड़े होकर बर्फ का ठंडा गोला चूसना किसी खूबसूरत एहसास से कम नहीं लगता था। साथ में ऊपर से डाला जाने वाला काला खट्टा सिरप,जो नींबू,जामुन,काला नमक और मसालों से बना होता था। बस यही चीजें इसके स्वाद को मज़ेदार बना देती थीं। आज हम आपके लिए कला-खट्टा बर्फ गोले के जैसी स्वाद वाली रेसिपी ले कर आये हैं जिसका नाम है काला खट्टा शरबत। यकीन मानिए अगर आपने इस शरबत को घर पर बना कर पी लिया तो आपको लगेगा जैसे आप टाइम मशीन से वापस अपने बचपन में वापस आ गए हैं।
इस शरबत की हल्की सी तीखी चुभन, खट्टापन और मिठास का स्वाद आपकी जुबान पर चढ़ जाएगा।
बनी रहेगी सेहत:
जामुन में एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन C की भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। ये आपकी इम्युनिटी को मजबूत बनाते हैं।
यह पाचन प्रक्रिया के लिए भी बेहद लाभदायक है। गर्मियों में ये शरबत शरीर को ठंडक पहुंचाता है।
इसमें इस्तेमाल किया जाने वाला भुना जीरा और काला नमक पेट को साफ रखने में मदद करते हैं।
सामग्री:
जामुन का गूदा – 1 कटोरी
काला नमक – 1 चम्मच
सफ़ेद नमक – आधा चम्मच
नींबू का रस – 2 चम्मच
पानी – 5 कप
काली मिर्च पाउडर – 1 /4 चम्मच
बर्फ के टुकड़े – आवश्यकतानुसार
चाट मसाला – आधा चम्मच
पुदीना पत्तियां – सजावट के लिए
भुना जीरा पाउडर – 1 चम्मच
चीनी – 5 बड़े चम्मच या स्वादानुसार
ताजे जामुन को अच्छी तरह धोकर साफ करें। इसके बाद इन्हें एक बर्तन में डालें और इसमें एक कटोरी के करीब पानी मिलाएं। मध्यम आंच पर 8 मिनट तक उबालें ताकि जामुन नरम हो जाएं। अब आंच से उतारकर ठंडा होने के लिए रख दें।
ठंडा होने के बाद उबले हुए जामुन को छलनी की मदद से अच्छी तरह से मैश कर लें, और उसका गूदा अलग करके बीज हटा दें। अगर आपके पास जामुन का पल्प पहले से ही तैयार है तो उसका भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
अब एक मिक्सर या ब्लेंडर में जामुन का गूदा डाल दें। उसमें चीनी, भुना जीरा पाउडर,काला नमक, सादा नमक, नींबू का रस,काली मिर्च पाउडर, और चाट मसाला डालें। थोड़ा-सा पानी मिलाकर अच्छी तरह से ब्लेंड कर लें जब तक कि यह एक स्मूद पेस्ट न बन जाए।
अब इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकालें और उसमें बचा हुआ ठंडा पानी मिलाएं। अगर ये मिश्रण आपको ज्यादा गाढ़ा लगे तो पानी की मात्रा बढ़ा दीजिए।अब इसमें बर्फ के टुकड़े डालकर मिक्स कर लें।
अगर आपको बहुत ज़्यादा स्मूद शरबत पसंद है, तो आप इस मिश्रण को अच्छी तरह छान लीजिए। अगर आप अपनी डाइट में फाइबर लेना पसंद करते हैं तो इस शरबत को न छानें।
तैयार है काला-खट्टा शरबत, अब इसमें ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और साथ में भुना जीरा डाल दें और पुदीना पत्तियों से इसे सजाएं और ठंडा-ठंडा परोसें।
Next Story