- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- गर्मी में फिट रहने का...
लाइफ स्टाइल
गर्मी में फिट रहने का तरीका: शुगर लेवल कंट्रोल करने वाले हेल्दी ब्रेकफास्ट ऑप्शन
nidhi
26 April 2026 12:58 PM IST

x
गर्मी में फिट रहने का तरीका
Diabetes Friendly Ayurvedic Breakfast: डायबिटीज के मरीजों के लिए सुबह का नाश्ता सबसे अहम होता है, लेकिन यहीं पर सबसे ज्यादा गलती भी हो जाती है। आयुर्वेदिक डॉक्टर और हेल्थ इंफ्लुएंसर डॉ. दीक्षा भावसार के अनुसार सुबह का समय ऐसा होता है जब हमारी पाचन अग्नि (मेटाबॉलिज्म) धीरे-धीरे एक्टिव होती है, ना कि अपने पीक पर होती है। ऐसे में भारी या ज्यादा ऑयली नाश्ता करने से शुगर लेवल अचानक बढ़ सकता है। इसलिए सुबह हल्का, गर्म और ताजा बना खाना ही सबसे सही माना जाता है। सही नाश्ता (diabetes breakfast) न सिर्फ दिनभर की एनर्जी बनाए रखता है, बल्कि इंसुलिन रेजिस्टेंस को कम करने और शुगर स्पाइक्स से बचाने में भी मदद करता है। खासकर गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाले और आसानी से पचने वाले नाश्ते चुनना और भी जरूरी हो जाता है।
जौ (Barley) वेजिटेबल दलिया से मेटाबॉलिज्म रहेगा एक्टिव
डॉ. दीक्षा भावसार बताती हैं कि जौ यानी यव एक ऐसा अनाज है जो शरीर में फैट और शुगर लोड को कम करने में मदद करता है। इसका दलिया हल्का और सूखा गुण वाला होता है, जो कफ को संतुलित करता है। गर्मियों में इसे लौकी, गाजर और बीन्स जैसी सब्जियों के साथ बनाकर खाने से पाचन बेहतर होता है और शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है।
ज्वार वेजिटेबल उपमा देता है ठंडक और स्थिर शुगर
ज्वार को अन्य मिलेट्स की तुलना में ज्यादा कूलिंग माना जाता है। यही वजह है कि गर्मियों में इसका सेवन फायदेमंद रहता है। ज्वार का उपमा हल्का होता है और आसानी से पच जाता है। इसमें करी पत्ता, राई और हींग डालने से इसका स्वाद भी बढ़ता है और ब्लड शुगर भी धीरे-धीरे बढ़ता है, जिससे अचानक स्पाइक नहीं होता।
कुटकी (Little Millet) खिचड़ी से पाचन रहेगा आसान
कुटकी यानी लिटिल मिलेट और मूंग दाल से बनी खिचड़ी गर्मियों के लिए एक परफेक्ट ऑप्शन है। यह बहुत हल्की होती है और पेट पर ज्यादा दबाव नहीं डालती। डॉ. दीक्षा के अनुसार यह नाश्ता उन लोगों के लिए खासतौर पर अच्छा है जो बार-बार शुगर स्पाइक से परेशान रहते हैं। इसमें लौकी और मसालों का हल्का तड़का इसे और हेल्दी बना देता है।
रागी वेजिटेबल चीला रखे पेट भरा और शुगर कंट्रोल
रागी फाइबर से भरपूर होता है, जिससे ग्लूकोज धीरे-धीरे रिलीज होता है। इसका चीला सुबह खाने से लंबे समय तक पेट भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती। यह वजन कंट्रोल करने के साथ-साथ शुगर बैलेंस करने में भी मदद करता है। इसमें लौकी या गाजर मिलाकर बनाना और भी फायदेमंद रहता है।
जौ का सत्तू ड्रिंक देता है ठंडक और एनर्जी
गर्मियों में अगर कुछ हल्का और ठंडक देने वाला चाहिए तो जौ का सत्तू ड्रिंक एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें जीरा, काला नमक और पुदीना मिलाकर पीने से शरीर को ठंडक मिलती है और शुगर लेवल भी स्थिर रहता है। यह ड्रिंक खासकर सुबह के समय शरीर को हाइड्रेट और एनर्जेटिक बनाए रखता है।
डायबिटीज में सिर्फ हेल्दी खाना ही काफी नहीं होता, बल्कि मौसम के हिसाब से सही खाना चुनना भी उतना ही जरूरी है। डॉ. दीक्षा भावसार के अनुसार अगर आप सुबह सही और हल्का नाश्ता करते हैं, तो दिनभर शुगर लेवल, एनर्जी और क्रेविंग्स तीनों कंट्रोल में रहते हैं। इसलिए इस गर्मी में इन आयुर्वेदिक नाश्तों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और फर्क खुद महसूस करें।
Next Story





