लाइफ स्टाइल

Homemade Face Pack: गर्मियों में आपकी त्वचा को ठंडक पहुंचाएंगे ये घरेलू फेस पैक

Sarita
25 March 2025 11:51 AM IST
Homemade Face Pack:  गर्मियों में आपकी त्वचा को ठंडक पहुंचाएंगे ये  घरेलू फेस पैक
x
Homemade Face Pack: गर्मी का मौसम आते ही तरह-तरह की परेशानियां शुरू हो जाती हैं। इस मौसम में सेहत का ध्यान रखना जितना जरूरी होता है, उतना ही ज्यादा जरूरी सूरज की तेज रोशनी से चेहरे को बचाना भी क्योंकि गर्मी, तेज धूप, धूल, मिट्टी व पसीने के कारण त्वचा चिपचिपी और टैनिंग वाली हो जाती है। कई बार तेज धूप के कारण
त्वचा झुलस भी जाती है। ऐसे में सही तरीके से देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है। यहां हम आपको कुछ घरेलू फेस पैक के बारे में बता रहे हैं, जो आपकी त्वचा को चमकदार बनाने के साथ-साथ त्वचा को ठंडक भी प्रदान करते हैं। तो बिना देर किए हुए जल्दी से जानिए इन फेस पैक्स को बनाने का तरीका।
मिक्स फ्रूट फेस पैक
गर्मी में त्वचा पर मिक्स फ्रूट फेस पैक लगाने से काफी फायदा मिलता है, क्योंकि सेब में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होता है, जो त्वचा की जलन को शांत करने में मदद करता है और त्वचा के दाग-धब्बे भी कम करता है।
पपीता मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाता है, जिससे रंग में निखार आता है। साथ ही संतरे में एंटी-ऑक्सीडेंट्स गुण पाए जाते हैं जो त्वचा को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स को दूर करते हैं।
सामग्री:
½ केला, ½ सेब, ½ संतरा और 2 टुकड़ा पपीता, 1 चम्मच चावल का आटा।
विधि: आप सबसे पहले केला, सेब, पपीता और संतरे को मिक्सी में डालकर पीसकर एक पेस्ट तैयार कर लें। अब इस पेस्ट में एक चम्मच चावल का आटा मिलाएं और अच्छी तरह से मिक्स करें। अब इस पेस्ट को
चेहरे पर लगाएं और इसे 20 मिनट के लिए लगा रहने दें। इसके बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें। इस फेस पैक से आपका चेहरा एकदम चमक उठेगा।
पुदीना फेस पैक
पुदीना में कूलिंग गुण पाया जाता है, जो त्वचा को ठंडक देने के साथ-साथ पिंपल्स के दाग-धब्बों को भी हल्का करता है, साथ ही यह झुॢरयों की समस्या से भी छुटकारा दिलाता है।
सामग्री: 10-12 पुदीने की पत्तियां, 1 चम्मच नींबू का रस।
विधि: इस कूलिंग फेस पैक को बनाने के लिए पुदीने की पत्तियों को सबसे पहले पीसकर इसका गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें, फिर इसमें 1 चम्मच नींबू का रस मिलाएं। अब इस तैयार फेस पैक को अपने चेहरे से लेकर गर्दन तक अच्छे से लगाएं। इस फेस पैक को चेहरे पर 15 मिनट तक लगाकर रखें, इसके बाद ठंडे पानी से पैक को साफ कर लें।
एलोवेरा और शहद का फेस पैक
गर्मी के मौसम में एलोवेरा त्वचा के लिए वरदान है। यह त्वचा को ठंडक देने के साथसाथ त्वचा की कई सारी परेशानियों को भी दूर करने में मदद करता है और शहद त्वचा को चमकदार और मुलायम बनाता है।
सामग्री: 2 चम्मच एलोवेरा जेल, 1 चम्मच शहद, 1 चम्मच बेसन।
विधि: चेहरे के लिए एलोवेरा फेस पैक तैयार करने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच एलोवेरा जैल में 1 चम्मच शहद मिलाएं, फिर इसमें 1 चम्मच बेसन मिला कर इसका गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। इस फेस
पैक को चेहरे पर 15 मिनट के लिए लगा रहने दें, फिर पानी से चेहरा धो लें। इस पैक को लगाने के बाद आपको खुद तरोताजा महसूस होगा।
खीरा और दही का फेस पैक
खीरा में पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। इससे शरीर में ठंडक मिलती है, साथ ही गर्मी में इसे चेहरे पर लगाने से गर्मी के कारण होने वाली सभी परेशानियों से त्वचा को राहत महसूस होती है। दही में एंटी-ऑक्सीडेंटऔर एंटी-बैक्टीरियल गुण होता है, जो त्वचा से जुड़ी सभी समस्याओं से राहत दिलाने में
कारगर है।
सामग्री: 2 चम्मच खीरे का रस, 1 चम्मच दही, 1 चम्मच पिसी हुई चीनी।
विधि: इस फेस पैक को बनाने के लिए सबसे पहले खीरे को कद्दूकस कर लें, फिर इसमें 1 चम्मच दही और 1 चम्मच पिसी हुई चीनी मिलाएं। अब इस पैक को चेहरे पर लगाएं और आधा घंटा तक लगा रहने दें।
इस फेस पैक से त्वचा को नमी मिलती है और गर्मी में राहत महसूस होती है।
तरबूज फेस पैक
तरबूज का रस त्वचा को हाइड्रेट करता है और त्वचा में पानी की कमी को दूर करता है, जिससे त्वचा मुलायम और चमकदार नजर आती है। इस पैक में बेसन भी मिलाया जाता है जो त्वचा की रंगत को निखारता है
और मुल्तानी मिट्टी से त्वचा की गहराई से सफाई होती है।
सामग्री: 1 चम्मच बेसन, 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी, 1 चम्मच चंदन पाउडर, 2 चम्मच
तरबूज का रस।
विधि: सबसे पहले बेसन, मुल्तानी मिट्टी और चंदन पाउडर को अच्छे से मिला लें। अब इसमें 2 चम्मच तरबूज का रस मिलाएं और इस पैक को अपने चेहरे पर लगा कर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। जब पैक अच्छे से
सूख जाए तब आप इसे ठंडे पानी से धो लें। इस फेस पैक को लगाने के बाद आपकी त्वचा काफी मुलायम लगने लगेगी।
एवोकाडो फेस पैक
एवोकाडो में ओमेगा-3 फैटी एसिड, विटामिन-ई और एंटी-ऑक्सिडेंट पाए जाते हैं। गर्मी में चेहरे पर एवोकाडो लगाने से झुर्रियां कम होती हैं और त्वचा में नमी आती है, साथ ही ऑलिव ऑयल त्वचा को मॉइश्चराइज करता है।
सामग्री: 1 पका एवोकाडो, 1 चम्मच ऑलिव ऑयल, 1 अंडे की जर्दी।
विधि: एवोकाडो फेस पैक तैयार करने के लिए एक पके हुए एवोकाडो को 1 चम्मच ऑलिव ऑयल और अंडे की जर्दी के साथ अच्छे से मिलाएं। फिर इस फेस पैक को चेहरे पर लगाएं और आधे घंटे के बाद पानी
से धो लें।
Next Story