मनोरंजन

Deepika Padukone Birthday: चलिए जानते हैं दीपिका की जिंदगी से जुड़े कुछ पहलु

Sarita
5 Jan 2026 8:53 AM IST
Deepika Padukone Birthday: चलिए जानते हैं दीपिका की जिंदगी से जुड़े कुछ पहलु
x

Deepika Padukone Birthday: बॉलीवुड में कई अभिनेत्रियां आईं, कई सुपरस्टार बनीं, लेकिन दीपिका पादुकोण Deepika Padukone का सफर सिर्फ फिल्मों की सफलता तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने अपने निजी फैसलों, सामाजिक मुद्दों पर बेबाक राय और प्रोफेशनल लाइफ में लिए गए साहसिक कदमों से एक नई लकीर खींच दी। बस यही वजह है कि अक्सर ऐसा कहा जाता है कि- ये सब तो सिर्फ दीपिका ही कर सकती थीं।

दीपिका पादुकोण Deepika Padukoneउन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने पहली ही हिंदी फिल्म से इतिहास रच दिया। बैडमिंटन के दिग्गज खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण के घर जन्मीं दीपिका ने शुरुआत मॉडलिंग से की, लेकिन अभिनय में कदम रखते ही उन्होंने साबित कर दिया कि वह सिर्फ स्टार किड नहीं, बल्कि एक मजबूत परफॉर्मर हैं।

साल 2007 में आई ‘ओम शांति ओम’ ने दीपिका को रातों-रात घर-घर में पहचान दिला दी। शाहरुख खान जैसे सुपरस्टार के सामने खड़े होकर भी उनकी मौजूदगी कमजोर नहीं पड़ी। इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया, बल्कि दीपिका को फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड भी दिलाया। यहीं से तय हो गया था कि बॉलीवुड को अपनी अगली क्वीन मिल चुकी है।

एक समय था जब बॉलीवुड में मानसिक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर खुलकर बात करना लगभग वर्जित माना जाता था। ऐसे माहौल में दीपिका पादुकोण ने अपने करियर के शिखर पर पहुंचकर यह स्वीकार किया कि वह डिप्रेशन से जूझ चुकी हैं। उन्होंने न सिर्फ अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात की, बल्कि समाज को यह समझाने की कोशिश की कि डिप्रेशन कमजोरी नहीं, बल्कि एक गंभीर बीमारी है। यही नहीं, उन्होंने 'लिव लव एंड लाफ' फाउंडेशन की शुरुआत कर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने का बीड़ा भी उठाया।

बॉलीवुड में अक्सर यह धारणा रही है कि बड़ी अभिनेत्री को अपने से ज्यादा सफल या बराबरी के सुपरस्टार से ही शादी करनी चाहिए। लेकिन दीपिका पादुकोण ने इस सोच को भी तोड़ दिया। उन्होंने रणवीर सिंह से शादी की, जो उस वक्त इंडस्ट्री में भले ही लोकप्रिय थे, लेकिन कमाई और स्टारडम के मामले में दीपिका से पीछे माने जाते थे। उस वक्त दीपिका इंडस्ट्री में अपने कदम जमा चुकी थीं, जबकि रणवीर ने कुछ ही फिल्में की थीं। आज रणवीर-दीपिका बॉलीवुड के सबसे पावरफुल कपल्स में गिने जाते हैं।

मां बनने के बाद भी काम पर लौटना कई महिलाओं के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। लेकिन दीपिका ने इस मोर्चे पर भी नई बहस छेड़ दी। पिछले ही साल उन्होंने साफ कहा कि वह मां बनने के बाद 8 घंटे की शिफ्ट में काम करना चाहती हैं। यह मांग सिर्फ उनकी निजी सहूलियत नहीं थी, बल्कि इंडस्ट्री में काम करने वाली हजारों महिलाओं की आवाज थी। दीपिका की इस डिमांड के बाद कई अभिनेत्रियों ने इस पर खुलकर अपनी राय रखी।

दीपिका पादुकोण Deepika Padukone के करियर को सिर्फ बॉक्स ऑफिस से नहीं मापा जा सकता। उन्होंने अभिनय के दम पर कई बड़े सम्मान अपने नाम किए हैं। अब तक उन्हें चार फिल्मफेयर अवॉर्ड मिल चुके हैं-

‘ओम शांति ओम’, ‘राम-लीला’, ‘पीकू’ और ‘छपाक’ इसके गवाह हैं। इसके अलावा वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। कान्स फिल्म फेस्टिवल की जूरी से लेकर टाइम मैगजीन की प्रभावशाली लोगों की सूची तक, दीपिका ने खुद को एक ग्लोबल आइकन के रूप में स्थापित किया है।

Next Story