रूस से संबंध रखने वाले 11 दलों को वोलोदिमीर जेलेंस्की ने किया निलंबित

11 दलों को वोलोदिमीर जेलेंस्की ने किया निलंबित

Update: 2022-03-20 17:03 GMT
कीव, एपी। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को रूस से संबंध रखने वाले 11 राजनीतिक दलों की गतिविधियों को निलंबित करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के तटीय शहर मारीपोल की रूसी सैनिकों द्वारा की गई घेरेबंदी को इतिहास में युद्ध अपराध के रूप में जाना जाएगा। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने जिन पार्टियों की गतिविधियों को निलंबित करने का आदेश दिया है, उनमें सबसे बड़ा दल अपोजिशन प्लेटफार्म फार लाइफ है।
अपोजिशन प्लेटफार्म फार लाइफ के पास 450 सदस्यीय यूक्रेनी संसद में से 44 सदस्य हैं। पार्टी नेता विक्टर मेदवेदचुक के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से अच्छे संबंध हैं। पुतिन मेदवेदचुक की बेटी के गाडफादर हैं। सूची में येवनी मुरायेव के नेतृत्व वाली नाशी (हमारी) पार्टी भी है। रूसी आक्रमण से पहले ब्रिटिश अधिकारियों ने आगाह किया था कि रूस मुरायेव को यूक्रेन का नेता बनाना चाहता है।
एक वीडियो संबोधन में जेलेंस्की ने कहा, 'रूस द्वारा शुरू किए गए व्यापक युद्ध व उसके साथ कुछ राजनीतिक दलों के संबंधों को देखते हुए ऐसी पार्टियों की गतिविधियों को मार्शल कानून की अवधि तक निलंबित किया गया है।' उन्होंने कहा कि नेताओं द्वारा कलह के उद्देश्य से की जाने वाली राजनीतिक गतिविधियां कभी सफल नहीं होंगी। राष्ट्र को संबोधित वीडियो संदेश में जेलेंस्की ने कहा, 'शांतिप्रिय शहर मारीपोल पर हमला करके क्या मिला? यह एक आतंक है, जो सैकड़ों वर्षो तक लोगों को याद रहेगा।'
Tags:    

Similar News

-->