कैलिफोर्निया। दक्षिणी कैलिफोर्निया में सोमवार की सुबह (भारतीय समयानुसार सोमवार देर रात) 5.2 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे सैन डिएगो में पहाड़ से पत्थर लुढ़ककर सड़कों पर आ गिरे. घरों की अलमारियों में रखे सामान गिरने लगे. अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है. यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 10:08 बजे आया और इसका केंद्र सैन डिएगो काउंटी में था, जो जूलियन से केवल कुछ मील (4 किलोमीटर) दूर है. जूलियन लगभग 1,500 लोगों की आबादी वाला एक पहाड़ी शहर है, जो अपनी सेब पाई की दुकानों के लिए जाना जाता है.
इसका असर लॉस एंजिल्स काउंटी तक महसूस किया गया, जो करीब 120 मील (193 किलोमीटर) दूर है. भूकंप के बाद कई छोटे झटके महसूस किए गए. जूलियन में 1870 के दशक में संचालित एक गोल्ड माइन के मालिक पॉल नेल्सन ने कहा, 'मुझे लगा कि घर की खिड़कियां टूट जाएंगी, क्योंकि वे काफी हिल रही थीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि कंपन के कारण काउंटर पर रखे फोटो फ्रेम नीचे गिर गए. परिवहन अधिकारियों ने चेतावनी जारी की है कि यात्री पहाड़ियों से गिरकर सड़कों और राजमार्गों पर आने वाले पत्थरों से सावधान रहें. जूलियन के उत्तर-पश्चिम में स्टेट रूट 76 पर भी पहाड़ों से पत्थर लुढ़कर आए हैं.
सैन डिएगो काउंटी में कैलिफोर्निया परिवहन विभाग ने बताया कि टीमें संभावित क्षति का पता लगाने के लिए सड़कों का निरीक्षण कर रही हैं. सैन डिएगो चिड़ियाघर सफारी पार्क में अफ्रीकी हाथियों के एक झुंड को भूकंप के दौरान अपने बच्चों को घेरकर उनकी रक्षा करते हुए वीडियो में कैद किया गया. हाथियों में अपने पैरों के माध्यम से ध्वनि या कंपन को महसूस करने की क्षमता होती है, और वे सुरक्षा के लिए एक घेरा बनाकर खड़े हो जाते हैं. नॉर्थ काउंटी ट्रांजिट डिस्ट्रिक्ट की प्रवक्ता मैरी डोवर ने एसोसिएटेड प्रेस को भेजे ईमेल में बताया कि ट्रेन सर्विस कुछ देर के लिए रोक दी गई, ताकि कर्मचारी पटरियों का निरीक्षण कर सकें और पता लगा सकें कि भूकंप के कारण रेलवे ट्रैक को कोई नुकसान तो नहीं पहुंचा है.