नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना जल्द बांग्लादेश लौटने वाली हैं. शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की प्लानिंग कर रही हैं. शेख हसीना पिछले दो साल से ज्यादा समय से भारत में रह रही हैं. उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को जानकारी दी कि वे 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी.
16 दिसंबर को बांग्लादेश में 1971 के मुक्ति संग्राम की जीत की वर्षगांठ मनाई जाती है. यह पहली बार है जब हसीना ने अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय की है. ऐसे में बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव और बढ़ने की आशंका है. शेख हसीना ने न सिर्फ अपने कागजात वापस मांगे हैं बल्कि बांग्लादेश सरकार से अपनी वापसी के लिए बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' की व्यवस्था करने की भी मांग की है.
हसीना के प्रवक्ता प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने कहा है कि चूंकि पांच अगस्त 2024 को शेख हसीना को बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था इसलिए अब उन्हें दिल्ली से ढाका भेजने के लिए बांग्लादेशी सरकार उनके हवाई सफर का इंतजाम करे.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने कहा कि संविधान के खिलाफ जाकर हसीना को देश से बाहर किया गया था. ऐसे में यह सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि 16 दिसंबर को 'विजय दिवस' (विक्ट्री डे) पर उनकी वापसी मुमकिन बनाए.
इस मामले में बांग्लादेश सरकार के प्रवक्ता ने कोई जवाब नहीं दिया है. बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को कहा था कि अगर शेख हसीना लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें वापस लाने के लिए भेजने को लेकर बांग्लादेश सरकार की भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है.
संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, बांग्लादेश में 2024 में हुई हिंसा के दौरान करीब 1400 लोगों की मौत हुई थी. इस हिंसा के बाद शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी. बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत ने पिछले साल नवंबर में शेख हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी. हसीना पर छात्र आंदोलन को दबाने के लिए हिंसक कार्रवाई का आदेश देने का आरोप था. हालांकि शेख हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है.
बांग्लादेश में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले में उनकी पार्टी आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हमले में हसीना की पार्टी के 30 से ज्यादा कार्यकर्ता जख्मी हुए हैं. वहीं, गोपालगंज में कई घरों और दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई है. दरअसल, आवामी लीग के कार्यकर्ता पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे. इसी दौरान उनपर देसी बम फेंके गिए.
बांग्लादेश के गोपालगंज की 12 दुकानों में तोड़फोड़ की गई. क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित फूलों की दुकानों पर भी हमले किए है. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, लॉन्च घाट इलाके से अवामी लीग का एक जुलूस निकलने के बाद विवाद शुरू हुआ.
गोपलगंज का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मस्जिद के लाउडस्पीकर बजने के बाद लोग सड़कों पर उतरते और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश का विरोध करते दिख रहे हैं.
Tags: