न्यूयॉर्क: भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में 1943 के बंगाल अकाल की याद दिलाई। उस भयावह काल का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी कि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक खाद्य आपूर्ति में आ रही बाधा का खामियाजा दुनिया के उन देशों को भी भुगतना पड़ सकता है, जिनका इस संघर्ष से सीधे तौर पर कोई लेना-देना नहीं है।
भारत ने कहा कि युद्ध के कारण खाद्यान्न उत्पादन, समुद्री संपर्क और अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रभावित होने से ग्लोबल साउथ के देशों में गंभीर खाद्य संकट पैदा हो सकता है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की चर्चा के दौरान कहा, "रूस और यूक्रेन वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन दोनों देशों में कृषि उत्पादन, समुद्री मार्गों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में किसी भी तरह की बाधा का असर संघर्ष वाले क्षेत्रों से बहुत दूर तक महसूस किया जाता है।"
हरीश ने 1943 के बंगाल अकाल का जिक्र करते हुए कहा, " उस त्रासदी में भारत के 30 लाख से अधिक लोगों ने जान गंवाई थी। यह अकाल इस बात की भयावह याद दिलाता है कि युद्ध के दौरान दूर बैठे देशों की प्राथमिकताओं और फैसलों की कीमत उन लोगों को भी चुकानी पड़ सकती है, जिनका युद्ध शुरू करने में कोई योगदान नहीं होता।"
द्वितीय विश्व युद्ध का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, "मौजूदा हालात उस दौर से अलग नहीं हैं, जब संघर्ष शुरू करने के लिए जिम्मेदार नहीं होने के बावजूद आम लोगों को उसके दुष्परिणाम भुगतने पड़े थे।" हरीश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विचार को भी दोहराया कि यह युद्ध का युग नहीं है। उन्होंने कहा, ''ग्लोबल साउथ के लिए शांति का मतलब सिर्फ एक अमूर्त विचार नहीं है। यह तभी हासिल होती है, जब भूखे पेटों को भोजन मिलता है।''
सुरक्षा परिषद में यह चर्चा महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे और वैश्विक खाद्य आपूर्ति के लिए काला सागर के समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर केंद्रित थी। इस दौरान विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के कार्यकारी निदेशक ल्यूक लिंडबर्ग की चेतावनी का भी उल्लेख किया गया।
उन्होंने कहा था कि रूस और यूक्रेन का करीब एक करोड़ टन गेहूं बढ़ते संघर्ष के कारण अवरुद्ध है। यह मात्रा अनुमानित तौर पर 4.4 करोड़ लोगों का पेट भरने के लिए पर्याप्त है। लिंडबर्ग ने सोमालिया का उदाहरण देते हुए कहा कि इस स्थिति के कारण वहां अकाल का खतरा बढ़ रहा है। वहीं, अपनी जरूरत का करीब 90 प्रतिशत खाद्यान्न आयात करने वाला यमन भी गंभीर मुश्किलों का सामना कर रहा है।
भारत ने इतिहास का संदर्भ देते हुए कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बंगाल क्षेत्र में पैदा हुए खाद्यान्न को औपनिवेशिक युद्ध संबंधी जरूरतों के लिए दूसरी जगह भेजा गया और अनाज के भंडार नष्ट किए गए। इसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर भुखमरी और मौतें हुईं।
हरीश ने कहा, " ग्लोबल साउथ के सामने खाद्य और कृषि क्षेत्र की चुनौतियां पहले से मौजूद ऊर्जा संकट के कारण और गंभीर हो रही हैं। वैश्विक संघर्षों से पैदा हुए खाद्य, ईंधन और उर्वरक संकट का सबसे अधिक असर विकासशील देशों पर पड़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि संघर्षों की कीमत सभी देशों को समान रूप से नहीं चुकानी पड़ती। ग्लोबल साउथ के देश इन संकटों से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। सुरक्षा परिषद को जानकारी देने वाली संयुक्त राष्ट्र की अवर महासचिव रोजमेरी डिकार्लो ने भी संघर्ष के व्यापक प्रभावों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इसके नतीजे केवल युद्ध क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दूर-दराज के देशों की खाद्य सुरक्षा पर भी असर डाल रहे हैं।
डिकार्लो के मुताबिक, "काला सागर में ड्रोन हमले नागरिक जहाजों की आवाजाही के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। इससे अनाज और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्यात में बाधा आ रही है, जबकि इनकी जरूरत दुनिया के कई देशों को है।"
हरीश ने सुरक्षा परिषद से "मानवीय सहायता की निर्बाध पहुंच, नागरिक बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और समुद्री मार्गों पर स्वतंत्र आवाजाही को प्राथमिकता देने" की अपील की। उन्होंने कहा कि मानवीय सहायता और खाद्य आपूर्ति से जुड़े संसाधनों को संघर्ष के प्रभाव से सुरक्षित रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा, " काला सागर के खाद्य आपूर्ति मार्गों की सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता इस समझ पर आधारित है कि यह क्षेत्र भी भारत की तरह दुनिया के प्रमुख खाद्यान्न भंडारों में से एक है। काला सागर क्षेत्र और भारत मिलकर दुनिया के कुल अनाज उत्पादन में करीब पांचवां हिस्सा रखते हैं।"

Tags: